उत्तर प्रदेशकानपुरखेल

अजीत वर्मा के तूफानी 75 रन से लखनऊ फाल्कन्स प्लेऑफ में, गोरखपुर लायंस को 24 रन से हराया

लखनऊ फाल्कन्स ने ग्रीन पार्क में गोरखपुर लायंस को 24 रन से हराया। अजीत वर्मा के 75 रन और अभिनंदन-विप्रज के तीन-तीन विकेट से जीत मिली।

Reported by India Headlines and edited by Anurag Srivastava

कानपुर। अजीत वर्मा की 75 रन की तूफानी पारी और अभिनंदन सिंह व विप्रज निगम की शानदार गेंदबाजी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में गोरखपुर लायंस को 24 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ लखनऊ फाल्कन्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए लीग के 26वें मुकाबले में गोरखपुर लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद अजीत वर्मा ने मोर्चा संभाला और गोरखपुर के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया।

अजीत ने कृतज्ञ सिंह के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 64 गेंदों पर 109 रन की शानदार साझेदारी की। अजीत ने 45 गेंदों पर आठ चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन बनाए। वहीं कृतज्ञ सिंह ने 31 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों के साथ 44 रन की पारी खेली। लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 170 रन बनाए।



146 रन पर सिमटी गोरखपुर की टीम

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस की शुरुआत भी खराब रही। टीम ने 32 रन तक चार विकेट गंवा दिए। अभिनंदन सिंह ने अभय प्रताप सिंह और आर्यन चौधरी को पवेलियन भेजकर लखनऊ को शुरुआती सफलता दिलाई। प्रिंस यादव ने 36 गेंदों पर एक चौके और पांच छक्कों की मदद से 49 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच जरूर बढ़ाया, लेकिन अर्धशतक से एक रन पहले अभिनंदन सिंह ने उन्हें आउट कर दिया। इसके बाद गोरखपुर की टीम 20 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई और 24 रन से मुकाबला हार गई।



अभिनंदन और विप्रज ने झटके तीन-तीन विकेट

लखनऊ की जीत में गेंदबाजों की भी अहम भूमिका रही। अभिनंदन सिंह ने 32 रन देकर तीन विकेट और विप्रज निगम ने 17 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अजीत वर्मा को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। लखनऊ फाल्कन्स ने नौ मैचों में पांच जीत के साथ 11 अंक हासिल किए और अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई। मुकाबले की औपचारिक शुरुआत कानपुर जोन की एडीजीपी अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने टॉस कराकर और पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

ये भी पढ़ें : KANPUR NEWS : UP T20 में अनुशासन तोड़ने पर बड़ी कार्रवाई: अभिषेक गोस्वामी सस्पेंड, काशी-नोएडा के तीन खिलाड़ियों पर जुर्माना


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »