Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से चलाए जा रहे "10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" के अंतर्गत 6 अगस्त को डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, महोबा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राजयोग मेडिटेशन और आत्मबल के माध्यम से देश के 10 करोड़ नागरिकों को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाना है। नशामुक्ति का संकल्प कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ महोबा सेवाकेंद्र की क्षेत्रीय संचालिका आदरणीया बीके सुधा बहनजी ने कहा कि "नशे से दूरी, है जरूरी"। उन्होंने कहा कि नशा केवल शारीरिक या कानूनी समस्या नहीं है, बल्कि यह मानसिक कमजोरी से भी जुड़ा है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें नशे से दूर रखना समाज और राष्ट्र दोनों की प्राथमिकता होनी चाहिए। स्वागत सत्र बीके सुदामा बहन ने किया। इसके बाद कमेंट्री के माध्यम से बीके सुदामा बहन ने राजयोग का अभ्यास कराया और बीके हेमा बहन ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशे से मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। नैतिक शिक्षा पर जोर कार्यक्रम में डी.ए.वी. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आदरणीय श्री संतोष कुमार जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्ति के लिए आत्मचिंतन और नैतिक शिक्षा बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा, "ब्रह्माकुमारीज़ संस्था समाज के लिए बहुत अच्छा कार्य कर रही है। यह एक नई पहल है। संस्कार, सकारात्मक चिंतन और खुशहाल जीवन के लिए बच्चों को सही दिशा देना जरूरी है।" सभी ने ली शपथ उन्होंने इस अवसर पर कहा "वैसे तो यह जिंदगी बड़ी खूबसूरत है, बस थोड़ा इसे समझने की जरूरत है। समझ गए तो देवता की मूरत है, और न समझे तो शैतान की सूरत है।" कार्यक्रम में जिले के कई विशिष्ट अतिथिगण, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। ये भी पढ़ें: चंदेलकालीन मदन सागर में डूबा युवक, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा