उत्तर प्रदेशखेललखनऊ

57 रन पर 7 विकेट गंवाने के बाद नोएडा किंग्स ने पलटा मैच, कानपुर सुपरस्टार्स को 3 विकेट से हराया

SPORTS NEWS : यूपी टी20 लीग में नोएडा किंग्स ने रोमांचक मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स को 3 विकेट से हरा दिया। 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा की टीम 57 रन पर 7 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने नाबाद 78 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को दो गेंद शेष रहते यादगार जीत दिलाई।

लखनऊ, 15 अगस्त। यूपी टी20 लीग सीजन-4 के दूसरे मुकाबले में शनिवार को नोएडा किंग्स ने बेहद रोमांचक अंदाज में कानपुर सुपरस्टार्स को 3 विकेट से शिकस्त दी। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नोएडा किंग्स एक समय 57 रन पर 7 विकेट गंवाकर हार के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन इम्पैक्ट प्लेयर बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का पूरा रुख बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने नाबाद 78 रन की साझेदारी कर नोएडा को दो गेंद शेष रहते लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

कानपुर सुपरस्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 134 रन बनाए थे। नोएडा किंग्स के सामने जीत के लिए 135 रन का लक्ष्य था। छोटे लक्ष्य के बावजूद कानपुर के गेंदबाजों ने शुरुआत में नोएडा के बल्लेबाजों पर जबरदस्त दबाव बनाया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और 12वें ओवर में नोएडा का स्कोर 57 रन पर 7 विकेट हो गया। उस समय ऐसा लग रहा था कि कानपुर आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगा।


शिवा सिंह और कुणाल त्यागी ने शुरुआती झटकों से तोड़ी कानपुर की कमर

इससे पहले नोएडा किंग्स के कप्तान माधव कौशिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नोएडा के गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए कानपुर की बल्लेबाजी को शुरुआत से ही परेशानी में रखा। कानपुर की टीम 13 ओवर के भीतर 74 रन पर 7 विकेट गंवा चुकी थी। बाएं हाथ के स्पिनर शिवा सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। शिवा सिंह भारत की 2019 अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। तेज गेंदबाज कुणाल त्यागी ने भी उनका बखूबी साथ दिया और 28 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।


यशोवर्धन और शुभम मिश्रा ने संभाली कानपुर की पारी

लगातार विकेट गिरने के बाद कानपुर सुपरस्टार्स की पारी बिखरती नजर आ रही थी। हालांकि निचले मध्यक्रम में यशोवर्धन सिंह और शुभम मिश्रा ने मोर्चा संभाला। यशोवर्धन ने 21 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि शुभम मिश्रा ने 24 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 43 गेंदों में 59 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी ने कानपुर को संकट से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई और टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 134 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही।


57/7 के बाद बॉबी और कार्तिक ने बदला मैच का रुख

135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कानपुर के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर नोएडा के बल्लेबाजों को दबाव में रखा। शुभम मिश्रा ने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में केवल 10 रन दिए और 2 विकेट झटके। कर्ण शर्मा ने 2/39 और अजय कुमार ने 2/31 के आंकड़े दर्ज किए। 12वें ओवर में 57 रन पर 7 विकेट गंवाने के बाद नोएडा की उम्मीदें लगभग खत्म होती दिखाई दे रही थीं। तभी इम्पैक्ट प्लेयर बॉबी यादव क्रीज पर आए और कार्तिक सिद्धू के साथ मिलकर पारी को संभाल लिया। दोनों ने पहले संभलकर बल्लेबाजी की और फिर आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर कानपुर की पकड़ कमजोर कर दी।


अंतिम 18 गेंदों में बदला पूरा समीकरण

नोएडा किंग्स को अंतिम 18 गेंदों में जीत के लिए 37 रन की जरूरत थी। दबाव के बावजूद बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। दोनों ने अजय कुमार के 18वें ओवर में 17 रन बटोर लिए। इसके बाद नोएडा को 12 गेंदों में सिर्फ 20 रन की जरूरत रह गई। कानपुर के विनीत पंवार ने 19वें ओवर में शानदार गेंदबाजी की और केवल 6 रन दिए। उन्होंने अपने चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इस ओवर के बाद नोएडा के सामने अंतिम छह गेंदों में 14 रन बनाने की चुनौती थी।


बॉबी यादव ने चौका लगाकर खत्म किया रोमांच

अंतिम ओवर में गेंदबाजी की जिम्मेदारी शक्ति वर्मा को मिली। बॉबी यादव ने ओवर की पहली दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाकर कानपुर पर दबाव बढ़ा दिया। इसके बाद नोएडा को तीन गेंदों में केवल चार रन चाहिए थे, बॉबी यादव ने इसके बाद एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार चौका लगाकर मुकाबला खत्म कर दिया। इस तरह 57 रन पर 7 विकेट गंवाने के बाद नोएडा किंग्स ने असंभव नजर आ रही जीत को अपने नाम कर लिया।

बॉबी यादव ने 28 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए, जबकि कार्तिक सिद्धू 21 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों की नाबाद 78 रन की साझेदारी नोएडा किंग्स की इस यादगार जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।

ये भी पढ़े : यूपी टी20 लीग सीजन-4: आखिरी गेंद पर मेरठ मावेरिक्स ने छीनी जीत, यश गर्ग बने हीरो 


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »