नोएडा

सड़कों पर झील, कीचड़ में फंसे गांव और सेक्टर! बारिश ने खोली विकास की हकीकत

ग्रेटर नोएडा में बारिश के बाद कई गांवों और सेक्टरों में जलभराव व कीचड़ की समस्या गंभीर हो गई। ग्रामीणों ने प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए समाधान की मांग की।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Greater Noida Authority: विकास और आधुनिक सुविधाओं के दावों के बीच ग्रेटर नोएडा के कई गांवों और सेक्टरों की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। हाल ही में हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से शिकायतों के बावजूद हालात में कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ है।

सड़कों पर जलभराव

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 स्थित कृष्णा एलीट होम्स सोसायटी के बाहर भारी जलभराव देखने को मिला। सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी तरह जलपुरा गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। टूटी सड़क, जमा पानी और कीचड़ ने रास्ते को जोखिम भरा बना दिया है।

ग्रामीणों में नाराजगी

तुगलपुर गांव में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। यहां के निवासियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। वीडियो में लोग जलभराव और कीचड़ से भरे रास्तों से गुजरते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता।

बढ़ा हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़कों पर जमा पानी और कीचड़ के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दुपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम उठाना पड़ रहा है। कई बार वाहन फिसलने और लोगों के चोटिल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जलभराव के कारण यह पता लगाना भी मुश्किल हो जाता है कि सड़क पर गड्ढा कहां है। ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि गंदा पानी और कीचड़ आसपास के माहौल को प्रभावित कर रहे हैं। दुर्गंध और गंदगी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।

समाधान की मांग

ग्रामीणों का दावा है कि पिछले कई वर्षों से इस समस्या को लेकर प्राधिकरण के अधिकारियों और पूर्व अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन समाधान अब तक अधूरा है। एक बार फिर स्थानीय लोगों और सेक्टर निवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि से हस्तक्षेप कर जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान कराने की मांग की है। बारिश के बाद उभरी यह तस्वीर विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

ये भी पढ़ें: सोसायटी की दीवार से गिरा प्लास्टर, आवाज उठाई तो मिला नोटिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »