Banke Bihari Temple || Mathura News || Temple Accident: उत्तर प्रदेश में मथुरा के वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के निकट मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के गेट नंबर-5 के पास स्थित एक निजी भवन का जर्जर छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां से गुजर रहे कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। 8 से 9 लोग घायल हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार 8 से 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें अधिकांश को सिर और शरीर पर चोटें आई हैं। एक श्रद्धालु की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खराब मौसम के बीच छज्जे पर बड़ी संख्या में बंदर बैठे हुए थे। पहले से कमजोर हो चुकी संरचना अचानक भार सहन नहीं कर सकी और भरभराकर गिर गई। कैसे हुआ हादसा घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसा मंदिर परिसर के भीतर नहीं, बल्कि पास की गली में स्थित एक निजी इमारत में हुआ। वहीं स्थानीय लोगों ने आसपास मौजूद जर्जर भवनों की अनदेखी को लेकर प्रशासन पर सवाल भी उठाए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और भवनों की स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ये भी पढ़े: पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ा खुलासा! मोबाइल पहुंचा एग्जाम हॉल तक, 16 पुलिसकर्मी सस्पेंड