अयोध्याउत्तर प्रदेश

राम मंदिर के नए CEO की दौड़ तेज! पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की एंट्री से बढ़ी हलचल

राम जन्मभूमि ट्रस्ट में CEO नियुक्ति प्रक्रिया तेज हुई। पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने आवेदन किया। चढ़ावा विवाद के बाद ट्रस्ट पारदर्शिता और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी में है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Ram Mandir CEO Recruitment: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। ट्रस्ट ने देशभर से योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसी बीच पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर द्वारा CEO पद के लिए आवेदन किए जाने के बाद इस प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

नई नियुक्तियों की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर प्रशासन में हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी विवाद के बाद ट्रस्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाया है। इसी क्रम में नए CEO की नियुक्ति का फैसला लिया गया, ताकि मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कुछ प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफों के बाद नई नियुक्तियों की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई शाम 4 बजे तक ईमेल के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद चयन समिति योग्य उम्मीदवारों का मूल्यांकन करेगी।

क्या है शर्ते

ट्रस्ट की ओर से जारी पात्रता शर्तों के अनुसार, उम्मीदवार की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही किसी बड़े सरकारी विभाग, सार्वजनिक संस्थान, कंपनी या संगठन में कम से कम 20 वर्ष का प्रबंधकीय अनुभव आवश्यक है। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य रखी गई है।
इसके अलावा उम्मीदवार का सनातन हिंदू परंपरा का अनुयायी होना, नियमित पूजा-पाठ करना तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान होना भी आवश्यक शर्तों में शामिल है। ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि वैष्णव परंपरा से जुड़े राम भक्तों और किसी मंदिर या हिंदू धार्मिक संस्थान में वरिष्ठ प्रशासनिक पद पर कार्य कर चुके सेवानिवृत्त अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

किसे मिलेगी जिम्मेदारी

CEO का चयन तीन सदस्यीय सर्च कमेटी की सिफारिश के आधार पर किया जाएगा। समिति में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रदीप कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकान्त चतुर्वेदी और श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हावड़े शामिल हैं। चयनित CEO सीधे ट्रस्ट के महासचिव को रिपोर्ट करेंगे, जबकि उनका वेतन और अन्य सुविधाएं योग्यता तथा आपसी सहमति के आधार पर तय की जाएंगी। पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर के आवेदन के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि राम मंदिर प्रशासन की इस अहम जिम्मेदारी के लिए ट्रस्ट किस उम्मीदवार पर भरोसा जताता है।

ये भी पढ़ें: ताजमहल पर विदेशी महिला की खुल गई साड़ी, फिर महिला कांस्टेबल ने जो किया उसने जीत लिया दिल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »