Bahraich News: उत्तर प्रदेश में बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के नयापुरवा में पिछले कई दिनों से दहशत का सबब बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद स्थानीय निवासियों और किसानों ने चैन की सांस ली है। आपको बता दें कि कतर्नियाघाट क्षेत्र में अब तक एक दर्जन से अधिक तेंदुए वन विभाग के पिंजरों में कैद किए जा चुके हैं। डीएफओ ने दी जानकारी डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि लगातार तेंदुए की आमद आबादी वाले क्षेत्रों में बढ़ती जा रही है। कोई जनहानि न हो इसको लेकर लगातार कांबिंग की जा रही है। साथ ही जहां भी तेंदुए की गतिविधियों को देखा जाता है वहां पिंजरा लगाया जा रहा है। पकड़े गए तेंदुए को लेकर उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। रिहायशी इलाकों में आवाजाही मिहींपुरवा क्षेत्र के सिंचाई कॉलोनी, ईदगाह रोड और आस-पास के रिहायशी इलाकों में तेंदुए की लगातार आवाजाही देखी जा रही थी। तेंदुए की आमद से ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी खौफजदा थे और किसान खेतों की ओर जाने से कतरा रहे थे। वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी स्थानीय लोगों की शिकायत और लगातार मिल रही सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। टीम ने नयापुरवा में पिंजरा लगाया था। जिसमें देर रात तेंदुआ शिकार की तलाश में पिंजरे के करीब पहुंचा और उसमें बंधी बकरी के शिकार के लालच में पिंजरे में घुसते ही कैद हो गया। ग्रामीणों ने ली राहत की सांस तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। सूचना पर पहुंची वन महकमें की टीम ने ग्रामीणों की भीड़ को नियंत्रित किया और तेंदुए को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। पकड़े गए तेंदुए का चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार उसे जंगल के घने क्षेत्र में छोड़ने की विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी। ये भी पढ़ें: पंखा बंद करने गई बेटी बचाने पहुंचे पिता-बहन भी झुलसे! एक ही परिवार के तीन लोग झुलसे