Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर मंगलवार शाम डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में रिठौरी गांव निवासी इंटरमीडिएट के छात्र करण की मौत हो गई,जबकि उसका साथी अनीष गंभीर रूप से घायल हो गया और तीसरे साथी जतिन को मामूली चोटें आई हैं, जिसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। डंपर में तोड़फोड़ भी की । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और डंपर को कब्जे में ले लिया। डंपर की चपेट में तीन दादरी थाना प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को रिठौरी गांव निवासी करण पुत्र सतबीर, अनीष पुत्र समसुद्दीन, जतिन बाइक से जा रहे थे। तीनों दादरी की तरफ से अपने घर की ओर जा रहे थे। अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर पहुंचने के दौरान डंपर की चपेट में आ गए। इससे तीनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलने पर दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने करण को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीष और जतिन? का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद ग्रामीणों का हंगामा हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। ग्रामीणों द्वारा डंपर में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना भी सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल डंपर चालक की तलाश की जा रही है। घटना की जांच के साथ अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। मृतक छात्र के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। ये भी पढ़ें: नोएडा में 3 माह की बच्ची का अपहरण, पुलिस ने 12 घंटे में सकुशल किया बरामद