PDA Rath Yatra: समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली से 'PDA यात्रा' शुरू करने जा रहे हैं। यात्रा से पहले जिले में सियासी माहौल गरमा गया है और पोस्टर वॉर शुरू हो गई है। अखिलेश के स्वागत में शहर के कई हिस्सों में सपा समर्थकों की ओर से पोस्टर लगाए गए हैं। एक पोस्टर में अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में दिखाते हुए लिखा गया है, ‘मेरे माधव, सुदामा की धरती पर आपका स्वागत है।’ इसमें अखिलेश को PDA महानायक बताया गया है। यह पोस्टर युवजन सभा के प्रदेश महासचिव एडवोकेट पं. विश्वास दुबे ने लगवाया है। PDA यात्रा से पहले शुरू पोस्टर वॉर वहीं, लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित पोस्टर भी लगाए गए हैं। इनमें उनसे कई सवाल पूछे गए हैं। एक पोस्टर पर लिखा है, ‘कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि कब देंगे?’ वहीं दूसरे पोस्टर में उनकी करीब 20 करोड़ रुपये की वैनिटी वैन को लेकर सवाल किया गया है कि ‘ये सड़क किसने बनवाई?’ इसके अलावा कई जगह अखिलेश यादव को ‘गिरगिटेश’ बताने वाले पोस्टर भी नजर आए। यात्रा से पहले दोनों पक्षों के पोस्टरों से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। रायबरेली से शुरू होंगी पीडीए रथ यात्रा सपा प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली में पहली बार पीडीए रथ चलाकर विधानसभा चुनाव की तैयारी को गति देंगे। अपने सहयोगी दल कांग्रेस के गढ़ रायबरेली से इसकी शुरुआत कर सपा अलग संदेश देने का प्रयास भी करेगी। रायबरेली में 17 सितंबर को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद जिले में युवा राजनीति गरमाई है। ऐसे समय में सपा रथयात्रा कर अपना अलग संदेश देने का प्रयास करेगी। पीडीए रथ से अखिलेश यादव देंगे सियासी संदेश अखिलेश पहली बार रथ की झलक दिखाने के साथ ही राजनीतिक संदेश भी देंगे। रायबरेली में छात्र संगठनों के बीच हुए विवाद का मामला पुलिस तक पहुंचा और सपा नेताओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाया था। हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने भी मामले में पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए हैं। अखिलेश यादव ने इसे पीडीए पर हमले से जोड़ा है और वह इस मुद्दे को और धार देने का प्रयास करेंगे। रथ यात्रा का कार्यक्रम बछरावां से शुरू होकर हरचंदपुर विधायक के आवास और फिर रायबरेली शहर तक जाने का है। सपा नेता इसकी तैयारियों में जुटे हैं और एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। सपा के पीडीए रथ पर डॉ. भीमराव अंबेडकर और समाज सुधारकों की तस्वीरों के साथ सामाजिक न्याय से जुड़े नारे भी लिखे गए हैं। यह भी पढ़ें: चवन्नी नहीं, 500 रुपये की नोट है हम….केसी त्यागी ने अखिलेश की बयान पर किया पलटवार