SSC-GD Fraud: SSC-GD कांस्टेबल की ऑनलाइन परीक्षा में कथित तौर पर प्रॉक्सी सर्वर के जरिए नकल कराने वाले गिरोह के एक और आरोपी को STF ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरुण कुमार उर्फ ‘Devil’ के रूप में हुई है। STF ने उसे मंगलवार शाम करीब 6 बजे दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके से पकड़ा। STF के मुताबिक, अरुण परीक्षा से जुड़े सर्वर में सेंध लगाने और सिस्टम में बदलाव करने में शामिल था। आरोप है कि उसकी मदद से परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे सॉल्वर अभ्यर्थियों के कंप्यूटर को नियंत्रित करते थे और उनके स्थान पर परीक्षा देते थे। मई में सामने आया था पूरा नेटवर्क यह मामला 22 मई को सामने आया था। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित बालाजी डिजिटल जोन में SSC-GD परीक्षा के दौरान प्रॉक्सी सर्वर के जरिए कथित नकल कराने वाले गिरोह का STF ने खुलासा किया था। उस कार्रवाई में मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान, हैकर अमित राणा समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये नकद, प्रॉक्सी सर्वर और परीक्षा में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया था। STF के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में सामने आई ‘Devil’ की भूमिका जांच के दौरान STF को अरुण कुमार और अमित राणा की भूमिका का पता चला। एजेंसी के अनुसार, दोनों ने परीक्षा सर्वर से जुड़ी तकनीकी फाइलों में बदलाव कर प्रॉक्सी सर्वर के जरिए सिस्टम से कनेक्शन स्थापित करने की व्यवस्था तैयार की थी। पूछताछ में अरुण ने कथित तौर पर बताया कि उसने SSC-GD परीक्षा से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण फाइलों को डिकोड कर अमित कुमार को उपलब्ध कराया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर परीक्षा प्रणाली को प्रॉक्सी सर्वर से जोड़ने वाली स्क्रिप्ट तैयार की। 2019 से सीख रहा था तकनीकी काम STF के अनुसार, करीब 30 वर्षीय अरुण बीए पास है और उसने जहांगीरपुरी की ITI से कंप्यूटर फंडामेंटल का एक वर्षीय कोर्स किया था। वर्ष 2019 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात बिहार निवासी मनोज से हुई। STF का दावा है कि मनोज के संपर्क में आने के बाद उसने ऑनलाइन परीक्षा प्रणालियों से जुड़ी तकनीकी गतिविधियां सीखीं। कई राज्यों में संपर्क का दावा STF के मुताबिक, अरुण के संपर्क उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, झारखंड और नॉर्थ ईस्ट में परीक्षा धांधली से जुड़े लोगों से थे। 2024 में सीतापुर में नर्सिंग स्टाफ ऑफिसर की ऑनलाइन परीक्षा में कथित धांधली के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। फिलहाल नॉलेज पार्क थाने में दर्ज मामले में आरोपी के खिलाफ BNS, IT Act और सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में STF नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। ये भी पढ़ें: बदबू आ रही थी फिर भर गया धुआं… ड्राइवर ने नहीं रोकी बस! यमुना एक्सप्रेसवे पर ‘बर्निंग बस’ का खौफनाक सच