INDIA Bloc Parties Meeting: चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवाद के बीच विपक्षी दलों ने आपसी समन्वय बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, INDIA गठबंधन के दल 30 सितंबर को नई दिल्ली में बैठक कर सकते हैं। इसमें चुनाव आयोग, मतदाता सूची की स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) और इससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्षी दलों में बातचीत तेज विपक्षी रणनीति पर मंथन रिपोर्टों के अनुसार, गठबंधन में शामिल दल एक-दूसरे के संपर्क में हैं और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त रुख को लेकर बातचीत कर रहे हैं। CPI(M) महासचिव एमए बेबी ने विपक्षी नेताओं से बैठक की अपील की थी। इसके बाद विपक्षी दलों के बीच आगे की रणनीति पर चर्चा तेज हुई। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने से जुड़ा नया नोटिस तैयार करने पर भी विपक्षी दल विचार कर रहे हैं। इसे कानूनी विशेषज्ञों से जांच कराने के बाद संसद के दोनों सदनों में पेश किए जाने की संभावना बताई गई है। विवाद की वजह क्या है? यह पूरा मामला एक रिपोर्ट के बाद चर्चा में आया, जिसमें दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में SIR समेत चुनाव आयोग के कुछ फैसलों पर कई बार आपत्ति दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी आपत्तियों में Form-6, मतदाता डेटा और वोटर लिस्ट से जुड़े कुछ फैसले शामिल थे। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन दावों से अलग अपना पक्ष रखा है। आयोग के अधिकारियों के मुताबिक SIR समेत आयोग के फैसले तीनों आयुक्तों की मंजूरी और सर्वसम्मति से लिए गए। 26 सितंबर की बैठक के बाद भी आयोग ने यही रुख दोहराया। बंगाल में भी बढ़ी राजनीतिक हलचल SIR को लेकर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बहस तेज है। INDIA गठबंधन की प्रस्तावित बैठक में इस मुद्दे के साथ अन्य राजनीतिक और चुनावी विषयों पर भी चर्चा हो सकती है। वहीं कांग्रेस की अपनी बैठक 29 सितंबर को प्रस्तावित है, जिसमें पार्टी की आगे की रणनीति पर विचार होना है। अब 30 सितंबर की प्रस्तावित बैठक पर नजर रहेगी कि विपक्षी दल चुनाव आयोग और SIR से जुड़े मुद्दों पर किस तरह का संयुक्त रुख सामने रखते हैं। प्रस्तावित बैठक की अंतिम रूपरेखा और उसमें शामिल होने वाले दलों की सूची की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। ये भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार को CJP की अंतिम चेतावनी, कल तक इस्तीफा नहीं तो 2 अक्टूबर से देशव्यापी प्रदर्शन