उत्तर प्रदेशनोएडा

ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों के मामले में बड़ा खुलासा! मोबाइल ऑडियो के बाद बहन-बहनोई समेत 3 गिरफ्तार

रबूपुरा के नगला पदम गांव का मामला, मृतक की रिकॉर्डिंग में रिश्तेदारों पर लगाए गए आरोप; मकान विवाद समेत कई पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

Greater Noida Family Died Update: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला पदम गांव में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक के मोबाइल में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग और परिजनों की शिकायत के आधार पर उसकी दो बहनों और बहनोई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घर में मृत मिले पति-पत्नी और तीन बच्चे

पुलिस के मुताबिक, महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35) और उनके तीन बच्चे लड्डू उर्फ साक्षात (11), मिस्टी (7) और रियांश (3) 16 अक्टूबर की रात खाना खाकर सोए थे। अगली सुबह पांचों घर में मृत पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल ने किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

मोबाइल में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग

जांच के दौरान महेश के मोबाइल फोन में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली। पुलिस के अनुसार, इसमें महेश ने अपनी मौत से जुड़ी परिस्थितियों के लिए अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर और छोटी बहन सपना को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस की शुरुआती जांच में मकान को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पूछताछ में मिले बयानों के अनुसार, महेश की बड़ी बहन ने कथित तौर पर अपनी मां से मकान अपने नाम करा लिया था। बताया जा रहा है कि इस विवाद के कारण महेश लंबे समय से परेशान था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

बहन-बहनोई समेत तीन गिरफ्तार

ललिता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद रविवार को शेखर उर्फ चंद्रशेखर (50), सुनीता (45) और सपना (32) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, फुटेज में घटना वाली रात किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने की जानकारी नहीं मिली। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: रात में खाए नूडल्स, सुबह नहीं उठा परिवार! 5 की संदिग्ध मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »