Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने चार लोगों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। पकड़े गए लोगों में श्रीलंका के तीन नागरिक और तमिलनाडु की एक महिला शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि तीनों श्रीलंकाई नागरिकों के वीजा की अवधि करीब तीन महीने पहले समाप्त हो चुकी थी। अब पुलिस और इमिग्रेशन विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। जंगल के रास्ते नेपाल जाने की थी तैयारी मामला बहराइच जिले के मिहींपुरवा ब्लॉक में रुपनवा चेकपोस्ट के पास का है। बुधवार देर रात चारों लोग ऑटो से सीमा के नजदीक पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे नेपाल जाने का रास्ता पूछ रहे थे और जंगल से सटे रास्ते के जरिए सीमा पार करने की कोशिश में थे। चारों की भाषा स्थानीय लोगों को समझ में नहीं आई। इस पर लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना सशस्त्र सीमा बल (SSB) को दे दी। सूचना मिलते ही SSB के जवानों ने मौके पर पहुंचकर चारों को पकड़ लिया और उनके दस्तावेजों की जांच शुरू की। पासपोर्ट मिले लेकिन वीजा की अवधि समाप्त जांच के दौरान तीन श्रीलंकाई नागरिकों के पासपोर्ट बरामद हुए। हालांकि, उनके वीजा की वैधता करीब तीन महीने पहले खत्म हो चुकी थी। इसके बाद SSB ने चारों को आगे की कार्रवाई के लिए मुर्तिहा कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए लोगों की पहचान श्रीलंका के जाफना निवासी अजीत कुमार (39), कौशल्या (38) और प्रभाप (38) के रूप में हुई है। इनके साथ तमिलनाडु निवासी धर्म सुधाकर (35), पत्नी सुधाकर भी पकड़ी गई हैं। अब इमिग्रेशन की जांच पर टिकी नजरें मुर्तिहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यतीन्द्र कुमार सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में तीनों श्रीलंकाई नागरिकों के पासपोर्ट मिले हैं और उनके वीजा की अवधि समाप्त होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि चारों से पूछताछ की जा रही है। इमिग्रेशन विभाग की मदद से उनके दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की जाएगी। इसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल सबसे अहम सवाल यही है कि चारों नेपाल क्यों जाना चाहते थे और उन्होंने जंगल से सटे सीमा मार्ग को ही क्यों चुना। इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। ये भी पढ़ें: आधी रात पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर को लगी गोली, 3 गिरफ्तार, दो फरार