Bahraich Police Action: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में 19 अक्टूबर की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना खैरीघाट थाना क्षेत्र में नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर संभारी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घेराबंदी होते ही पुलिस पर चलाई गोली पुलिस के मुताबिक, रात करीब 2:30 बजे क्षेत्र में चोरी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरा देखकर एक आरोपी अर्टिगा कार से उतरा और पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हिस्ट्रीशीटर संभारी घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मौके से दो आरोपी भागने में सफल रहे। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। तीन दर्जन से ज्यादा मुकदमों में आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, अर्टिगा कार, जेवरात और नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच समेत अन्य जिलों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब बरामद सामान और पूछताछ से मिली जानकारियों के आधार पर अन्य मामलों की जांच कर रही है। घायल संभारी खैरीघाट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। घटनास्थल पर पहुंचे एसपी मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान जारी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। ये भी पढ़ें: बहराइच में महीनों से दहशत फैलाने वाला तेंदुआ पिंजरे में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस