उत्तर प्रदेशकानपुरराजनीति

कानपुर से योगी का सपा पर तीखा हमला, अखिलेश से पूछा सवाल! 411 करोड़ की दी सौगात

कानपुर में सीएम योगी ने सपा पर तीखा हमला बोला। अखिलेश से घुसपैठियों पर सवाल पूछे, गरीबों के अपमान का आरोप लगाया और 411 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Cm in Kanpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को कानपुर के बिठूर पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की और बिठूर व बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411.77 करोड़ रुपये की 48 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान सीएम ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा और गरीबों, किसानों व युवाओं के अपमान का आरोप लगाया।

वाल्मीकि आश्रम में पूजा फिर दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से बिठूर स्टेडियम पहुंचे। यहां पुरोहित कालीचरण दीक्षित और गुरुकुल में पढ़ने वाले सात बटुकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से वाल्मीकि आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। आश्रम से सीएम सूबेदारनगर स्थित बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक की मां डॉ. निर्मल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री नानाराव पेशवा पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।

411 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

महर्षि वाल्मीकि जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री ने बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 48 विकास परियोजनाओं की घोषणा की। इनकी कुल लागत 411.77 करोड़ रुपये बताई गई है। कार्यक्रम के दौरान सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम भी रखा गया।

सपा पर बरसे CM योगी

जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की नीति गरीबों को अपमानित करने की रही है। सीएम ने कहा कि छोटे मियां और बड़े मियां मिलकर युवाओं, गरीबों और किसानों का अपमान करते हैं।मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि उन्हें बांग्लादेशी घुसपैठियों से इतना लगाव क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा घुसपैठियों के राशन कार्ड बनवाती है, जिससे गरीबों के अधिकार प्रभावित होते हैं।

रामायण से जुड़ी है बिठूर की धार्मिक विरासत

बिठूर को महर्षि वाल्मीकि की विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल माना जाता है। मान्यता है कि वाल्मीकि आश्रम में ही रामायण की रचना हुई थी और माता सीता ने यहां आश्रय लिया था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान राम के पुत्र लव-कुश का जन्म भी इसी स्थान पर हुआ था। सरकार का जोर महर्षि वाल्मीकि से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास, संरक्षण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर है। मुख्यमंत्री का बिठूर दौरा धार्मिक कार्यक्रमों के साथ विकास परियोजनाओं और सियासी बयानबाजी के लिहाज से भी अहम रहा।

ये भी पढ़ें: खरगे के बयान पर देशभर में बवाल! BJP का प्रदर्शन, कांग्रेस ने किया बड़ा पलटवार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »