उत्तर प्रदेश

फिरोजाबाद बेकाबू कार ने उजाड़ा परिवार, 3 सगी बहनों सहित 5 की मौत! एक साथ दी गई अंतिम विदाई

फिरोजाबाद के छटनपुरा में बेकाबू कार ने 17 लोगों को कुचला। हादसे में चार बहनों समेत पांच की जान गई। तीन बेटियों को खोकर पिता का परिवार उजड़ गया।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Firozabad Accident: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव छटनपुरा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। एक बेकाबू कार ने टेसू-झांझी की शादी की रस्म पूरी कर पूजा-अर्चना कर रहे ग्रामीणों को कुचल दिया। हादसे में चार बहनों और एक युवक की जान चली गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। सोमवार सुबह जब मृतकों के शव गांव पहुंचे, तो माहौल चीख-पुकार से भर गया।

एक परिवार की तीन बेटियां और चचेरी बहन की मौत

नसीरपुर थाना क्षेत्र के छटनपुरा गांव में रविवार रात करीब नौ बजे ग्रामीण टेसू-झांझी के विवाह की रस्में पूरी करने के बाद विसर्जन से पहले सड़क किनारे पूजा कर रहे थे। इसी दौरान बटेश्वर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और वहां मौजूद लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई। इस हादसे में किसान शिशुपाल सिंह की बेटियां आकांक्षा (17) और अंजलि (15) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी चचेरी बहन दीपिका उर्फ बबली (19), जो बृजेश यादव की बेटी थीं, ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। शिशुपाल की तीसरी बेटी गुन्नू (10) गंभीर रूप से घायल हुई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इसके अलावा गांव के हरीश कुमार (26) की भी हादसे में जान चली गई। इस तरह दुर्घटना में एक ही गांव के पांच लोगों की मौत हो गई।

तीन बेटियों को खोकर टूट गया परिवार

शिशुपाल के लिए यह हादसा जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गया। उन्होंने एक साथ अपनी तीन बेटियों को खो दिया। आकांक्षा और अंजलि कक्षा आठ में पढ़ती थीं, जबकि गुन्नू कक्षा एक की छात्रा थी। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। मां राधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। दोनों छोटे भाई कमल (11) और बाबू (5) भी इस सदमे से बेहाल थे। गांव के लोग भी परिवार का दुख देखकर अपने आंसू नहीं रोक सके। चारों बहनों के शवों को शिशुपाल के खेत में जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में दफनाया गया। सुबह करीब 10 बजे पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम प्रक्रिया पूरी की गई।

17 लोगों को कुचलती चली गई कार

प्रत्यक्ष विवरण के मुताबिक, कार ग्रामीणों की टोली में घुस गई और कई लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। कुछ को फिरोजाबाद से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने कार का पीछा किया और ट्रैक्टर लगाकर रास्ता रोक दिया। इसी दौरान कार ट्रैक्टर से टकरा गई। ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ लिया। देर रात शव उठाने को लेकर भी तनाव की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया।

गांव में पुलिस बल तैनात

हादसे की सूचना पर एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी, एसडीएम शिकोहाबाद राजेश कुमार और कई थानों की पुलिस गांव पहुंची। सोमवार को भी सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एक ही गांव से पांच लोगों की विदाई और एक परिवार की तीन बेटियों के बिछड़ने से छटनपुरा में शोक पसरा हुआ है। त्योहार की रस्मों के बीच हुआ यह हादसा पूरे गांव के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।

ये भी पढ़ें: कानपुर से योगी का सपा पर तीखा हमला, अखिलेश से पूछा सवाल! 411 करोड़ की दी सौगात

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »