Ramlila Maidan Rally: दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजधानी के व्यापारियों के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और मेट्रो सेवाओं तथा सड़कों पर लगी पाबंदियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा सवाल किया। व्यापारियों के साथ राहुल गांधी राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिल्ली के व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस उनकी बात सुन रही है और उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेट्रो सेवाएं बंद करने और सड़कों को सील करने के कारण राजधानी में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राहुल ने अपने पोस्ट में लिखा कि सरकार ने मेट्रो बंद की, सड़कें सील कीं और राजधानी पर ताला लगा दिया। उनके इस बयान का संदर्भ दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली से पहले लागू की गई पाबंदियों से जुड़ा है। वोट चोरी के आरोप को लेकर भी सरकार पर हमला राहुल गांधी ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब वोट ही चोरी हो जाए, तो दुकान, बचत और बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित नहीं रह जाता। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं। ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। राहुल गांधी ने दावा किया कि ऐसा करने से महज 30 सेकंड में आंदोलन रुक सकता है। राहुल गांधी के इस बयान से रैली से पहले सियासी बहस तेज हो गई है। अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस विरोध और चुनाव आयोग को लेकर उठाए गए सवालों पर केंद्र सरकार और भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है। ये भी पढ़ें: जामिया में 20 साल बाद लौटेगा छात्र संघ! प्रदर्शन के आगे झुका प्रशासन, 15 दिन में चुनाव का ऐलान