उत्तर प्रदेश

कलयुगी बेटी का खौफनाक कदम! पिता की हत्या, प्रेमी संग पकड़ी गई

इटावा में पिता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा! पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंधों के विरोध पर नाबालिग बेटी ने प्रेमी संग वारदात की। दोनों गिरफ्तार, शव बक्से में मिला।

Etawah Murder Case: उत्तर प्रदेश के इटावा में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर (55) की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनकी नाबालिग बेटी और उसके बालिग प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंधों को लेकर पिता के विरोध से नाराज होकर दोनों ने हत्या की साजिश रची थी। वारदात के बाद शव को घर में रखे बक्से में छिपाकर दोनों फरार हो गए थे।

घर से बदबू आने पर खुला मामला

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, रविवार को पुलिस को कांशीराम कॉलोनी स्थित एक मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर पर ताला लगा था। ताला खुलवाकर तलाशी ली गई तो अंदर एक बक्से में श्याम सुंदर का शव मिला। उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे।स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि श्याम सुंदर होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। उनकी दो बेटियां थीं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी थी, जबकि छोटी बेटी उनके साथ रहती थी। पिछले चार दिनों से घर पर ताला लगा था और छोटी बेटी भी दिखाई नहीं दे रही थी।

फोन की जांच से बेटी और प्रेमी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मृतक की बड़ी बेटी काजल से संपर्क किया। उसने बताया कि 21 अक्टूबर को पिता से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद आने लगा। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि श्याम सुंदर की छोटी बेटी पूजा, अभिलाष नाम के युवक से बातचीत करती थी। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और बकेवर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर में छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रेम संबंधों के विरोध से नाराजगी का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पूजा ने बताया कि वह अभिलाष के साथ रहना चाहती थी, लेकिन उसके पिता इस रिश्ते का विरोध करते थे। आरोप है कि इसी विवाद के बाद दोनों ने हत्या की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि 21 अक्टूबर को पूजा ने श्याम सुंदर को चाय में नींद की दवा मिलाकर दी। उनके सो जाने के बाद दोनों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद चाकू से हमला करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर सिलबट्टे से उनके चेहरे पर वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोप है कि दोनों ने शव को कंबल में लपेटकर बक्से में रखा, मकान में ताला लगाया और वहां से चले गए।

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

एसएसपी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा, चाकू, रस्सी और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पूजा नाबालिग है, जबकि अभिलाष बालिग है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तथ्यों और बरामद सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

ये भी पढ़ें: शिवा शर्मा केस में लिपिस्टिक के निशानों ने उलझाई गुत्थी, श्रद्धा के जवाब से पुलिस हैरान! अब रिमांड की तैयारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »