Brij Bhushan Sharan Singh: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को उनके जन्मदिन से पहले एक खास तोहफा मिला है। उनकी बेटी शालिनी सिंह ने उन्हें नोएडा के सेक्टर-150 में यमुना किनारे नवनिर्मित हेलीपैड भेंट किया। रविवार शाम करीब पांच बजे आयोजित कार्यक्रम में बृजभूषण शरण सिंह ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर हेलीपैड का उद्घाटन किया। पिता को बेटी की खास भेंट बृजभूषण सिंह का जन्मदिन 8 जनवरी 2027 को है। इससे करीब दो महीने पहले बेटी की ओर से दी गई इस भेंट को पारिवारिक स्नेह और सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। नोएडा की भाजपा कार्यकर्ता और नोएडा सिटिज़न फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने कहा कि उनके पिता ने बचपन से उन्हें बहुत प्यार दिया और जीवन में इस मुकाम तक पहुंचाया। अब उन्हें अपने पिता के लिए कुछ करने का अवसर मिला है। 50 लाख का हेलीपैड शालिनी ने उपहार के मूल्य का खुलासा करने से परहेज किया, लेकिन खबरों के मुताबिक हेलीपैड के निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च हुए हैं। जिस जमीन पर इसका निर्माण कराया गया है, उसकी कीमत भी करोड़ों रुपये बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बृजभूषण शरण सिंह के पास तीन हेलीकॉप्टर हैं। इनमें से एक काले रंग का हेलीकॉप्टर नोएडा के नए हेलीपैड पर रखा जाएगा, जबकि भगवा और सफेद रंग के अन्य दो हेलीकॉप्टर गोंडा स्थित उनके आवास पर रहेंगे। वहां पहले से दो हेलीपैड मौजूद हैं। इस नई व्यवस्था से नोएडा और गोंडा के बीच उनकी आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। परिवार ने दी अग्रिम शुभकामनाएं शालिनी सिंह का विवाह बिहार के आरा के पूर्व सांसद दिवंगत अजीत सिंह और पूर्व सांसद मीना सिंह के बेटे विशाल सिंह से हुआ है। विशाल सिंह नोएडा में रहते हैं। वह भाजपा नेता होने के साथ NCCF के चेयरमैन और BISCOMAUN के अध्यक्ष भी हैं। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों ने बृजभूषण शरण सिंह को जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा PNB घोटाले पर किसानों का गुस्सा! नौवें दिन भी धरना जारी, महापंचायत में उठी पैसे वापसी की मांग