Ghazipur News: गाजीपुर जिले में यातायात माह की शुरुआत जागरूकता रैली के साथ हुई। पुलिस अधीक्षक विनय सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जान का भी ध्यान रखने की अपील की। सड़क सुरक्षा का जागरूकता अभियान रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू होकर सांसद तिराहा, लंका, विशेश्वरगंज, मिश्रबाजार और महुआबाग होते हुए वापस कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें शामिल लोगों ने आमजन को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। यातायात माह के दौरान जिले में ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए वाहन चालकों और आम लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और अन्य यातायात नियमों के महत्व की जानकारी दी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करना है। नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई कार्यक्रम के दौरान एसपी विनय सिंह ने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता लोगों को जागरूक करना है। जीवन अनमोल है और सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम दे सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी के सहयोग से नवंबर महीने में सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाने में मदद मिलेगी। हालांकि, एसपी ने नियमों की अनदेखी करने वालों को स्पष्ट चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान के बावजूद यदि कोई जानबूझकर यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और संबंधित कानूनों के तहत चालान, शमन और अन्य कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: गाजीपुर में मेगा विधिक सहायता शिविर, 45 स्टॉल पर मिलीं सरकारी योजनाओं की सुविधाएं