Attack on an Indian Ship in Oman: ओमान के तट के पास भारतीय मालवाहक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की जान चली गई। घटना 2 नवंबर की बताई जा रही है। जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं, गुजरात के रहने वाले नाविक गांधार नाहीम अजीज की चोटों के कारण मौत हो गई। इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद समुद्र में भारतीय जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को बनाया निशाना जानकारी के मुताबिक, भारतीय मालवाहक जहाज एमएसवी अल जुसुफी 2 नवंबर को ओमान के तट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को निशाना बनाया। अचानक हुई इस घटना से जहाज पर मौजूद नाविकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद जहाज पर सवार 14 भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो गई। इस बीच 13 नाविक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। सूचना मिलने पर ओमान के तटरक्षक बल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी 13 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया। गुजरात के नाविक की नहीं बच सकी जान इस घटना में गुजरात के रहने वाले गांधार नाहीम अजीज गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि, उन्हें बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया के जरिए इस घटना की जानकारी साझा की और नाविक की मौत पर गहरा दुख जताया। फिलहाल इस घटना में इस्तेमाल हुई अज्ञात हवाई वस्तु और हमले के पीछे की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि ओमान के तट के पास भारतीय जहाज को किसने और क्यों निशाना बनाया? ये भी पढ़ें: लूला की चौथी जीत से भारत को क्या मिलेगा? PM मोदी ने दी बधाई, खनिजों से व्यापार तक बड़े फायदे की उम्मीद