उत्तर प्रदेशनोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट वालों की बल्ले-बल्ले! गौर चौक पर खत्म होगा जाम का झंझट, दिवाली से पहले मिलेगी बड़ी सौगात

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक पर जाम से जल्द मिलेगी मुक्ति! 92 करोड़ का छह लेन अंडरपास तैयार, दिवाली से पहले खुलने की उम्मीद, लाखों लोगों को मिलेगी राहत।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

6 Lane Underpass: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए दिवाली से पहले राहत भरी खबर है। गौर चौक यानी चार मूर्ति गोलचक्कर पर रोजाना लगने वाले लंबे जाम से जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद है। यहां करीब 92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा छह लेन का अंडरपास लगभग बनकर तैयार है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कोशिश है कि इसे दिवाली से पहले आम लोगों के लिए खोल दिया जाए।

 छह लेन से आसान होगा सफर

गौर चौक पर करीब 700 से 730 मीटर क्षेत्र में फैले इस अंडरपास का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब सड़क की मार्किंग, स्ट्रीट लाइट, दीवारों की पेंटिंग और अन्य फिनिशिंग का काम किया जा रहा है। परियोजना का मुख्य हिस्सा करीब 160 मीटर लंबा है। इसके शुरू होने से गौर सिटी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

दीवारों पर दिखेगी इंडिया गेट से चंद्रयान तक की तस्वीरें

इस अंडरपास को सिर्फ यातायात के लिहाज से ही नहीं, बल्कि खूबसूरती के मामले में भी खास बनाया गया है। इसकी दीवारों पर इंडिया गेट, कुतुब मीनार, भगवान बुद्ध और चंद्रयान जैसी आकर्षक पेंटिंग बनाई गई हैं। इसके अलावा भविष्य में जलभराव की समस्या से बचने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

60 करोड़ से शुरू हुआ प्रोजेक्ट

अंडरपास का निर्माण जुलाई 2024 में शुरू हुआ था। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च होने थे, लेकिन निर्माण और यूटिलिटी सेवाओं की शिफ्टिंग जैसे कार्यों के चलते लागत बढ़कर लगभग 92 करोड़ रुपये हो गई। निर्माण में ग्रेप प्रतिबंध, बारिश और अन्य तकनीकी चुनौतियों के कारण देरी भी हुई।

सूरजपुर और गाजियाबाद जाने वालों को भी राहत

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम एके सिंह के मुताबिक, अंडरपास को दिवाली पर शुरू करना प्राथमिकता है। इसके चालू होने से गौर चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। सूरजपुर और गाजियाबाद की तरफ जाने वाले यात्रियों के साथ नौकरीपेशा लोगों और स्कूली वाहनों को भी फायदा मिलेगा। हालांकि, अभी इसे आम जनता के लिए खोलने की अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जाम से राहत देने वाला यह अंडरपास आखिर किस दिन शुरू होगा।

ये भी पढ़ें: यूपी में प्रदूषण का खतरनाक विस्फोट! मेरठ का AQI 987 पहुंचा, दिल्ली-नोएडा की हवा भी जहरीली

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »