उत्तर प्रदेशमेरठ

मेरठ से CM योगी का बड़ा ऐलान! अग्निवीरों को 20% आरक्षण, शहीद परिवारों को नौकरी और वीरता पुरस्कार की राशि दोगुनी

मेरठ से CM योगी ने अग्निवीरों के लिए 20% आरक्षण का ऐलान किया। शहीद परिवारों को नौकरी, वीरता पुरस्कार दोगुना! चुनावी माहौल में बड़ा सियासी संदेश?

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

CM Yogi Adityanath in Meerut: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि सेना में सेवा देने के बाद उत्तर प्रदेश लौटने वाले अग्निवीरों को प्रदेश की सरकारी नौकरियों में 20 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही शहीद सैनिकों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने और वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी करने की भी घोषणा की।

वीरों की धरती UP

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीर जवानों की धरती है। प्रदेश में करीब 20 लाख सैनिकों और उनके परिवारों का बड़ा समूह रहता है। हर साल सेना से सेवानिवृत्त होने वाले करीब 60 हजार जवानों में 12 हजार उत्तर प्रदेश के होते हैं। ऐसे में पूर्व सैनिक प्रदेश की ताकत और विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

शहीद परिवारों को अब 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी है। इसके अलावा वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों को मिलने वाली धनराशि भी दोगुनी की गई है। शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। घर खरीदने या बनाने के लिए स्टांप शुल्क में राहत की सीमा भी 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है।

मेरठ के बदलते स्वरूप का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की पुरानी और मौजूदा पहचान की तुलना करते हुए कहा कि एक समय यह शहर अपराध, वाहन चोरी और माफिया गतिविधियों के लिए चर्चा में रहता था। गन्ना किसान भुगतान के लिए परेशान थे और बिजली-पानी जैसी समस्याओं से जूझ रहे थे। लेकिन अब मेरठ खेल उपकरण उद्योग, बेहतर कनेक्टिविटी और विकास के नए अवसरों के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने मेरठ मेट्रो, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और गन्ना किसानों को हुए भुगतान का भी जिक्र किया।

सैनिकों के सम्मान और सुरक्षा पर विपक्ष को घेरा

सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर सैनिकों के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कारगिल युद्ध के एक पूर्व सैनिक से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सैनिकों को सम्मान और सुरक्षा के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वन रैंक वन पेंशन (OROP) की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई। आज भारत आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपना रहा है और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर को भी प्रदेश की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने पूर्व सैनिकों से युवाओं को सेना और पुलिस में भर्ती होने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

ये भी पढ़ें: आकाश आनंद ने बिजनौर से भरी चुनावी हुंकार, 7000 करोड़ के खर्च से लेकर 13 लाख खाली पदों तक… सरकार से पूछे तीखे सवाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »