PM Narendra Modi ASEAN Summit: फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक शांति, स्थिरता और आपसी सहयोग का मजबूत संदेश दिया। मंगलवार (17 नवंबर) को समिट को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया का भविष्य प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग से तय होना चाहिए। भारत और आसियान देश मिलकर पूरे क्षेत्र को शांति और स्थिरता का केंद्र बना सकते हैं। 12 साल में भारत-आसियान साझेदारी को मिली नई दिशा प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत और आसियान के रिश्तों को नई गति और मजबूती मिली है। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने इन संबंधों को पहले से अधिक व्यापक और प्रभावशाली बनाया है। अब दोनों पक्षों की साझेदारी केवल साझा संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल टेक्नोलॉजी, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान के पास एक साथ आगे बढ़ने की क्षमता भी है और मजबूत संकल्प भी। ऐसे में दोनों पक्षों को मिलकर क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों का सामना करना चाहिए। Sharing my remarks at the 23rd ASEAN-India Summit in Manila. https://t.co/XDyIFZ56N1 — Narendra Modi (@narendramodi) November 17, 2026 100 से ज्यादा पहल और 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री ने भारत और आसियान के बीच बढ़ते संपर्कों का जिक्र करते हुए बताया कि 2014 से अब तक लोगों के बीच रिश्ते मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए और क्षमता निर्माण के लिए 10 हजार स्कॉलरशिप दी गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान देशों के बीच सीधी उड़ानों में बढ़ोतरी और पर्यटन का विस्तार दोनों पक्षों की बढ़ती नजदीकी को दर्शाता है। दुनिया की एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान मिलकर दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए इस साझेदारी का प्रभाव केवल क्षेत्रीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक भविष्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आपसी प्रतिस्पर्धा के बजाय सहयोग को प्राथमिकता देना जरूरी है, ताकि दुनिया में शांति, स्थिरता और विकास को बढ़ावा मिल सके। गौरतलब है कि शिखर सम्मेलन में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी मनीला स्थित गुरुद्वारा खालसा दीवान भी पहुंचे थे। ये भी पढ़ें: चीन की बढ़ती ताकत के बीच मनीला पहुंचे PM मोदी, क्या बनेगी नई रणनीति?