उत्तर प्रदेशजालौन

जालौन में नदी किनारे मिला अज्ञात युवती का शव, पहचान में जुटी पुलिस

जालौन में यमुना नदी किनारे 22 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हैं। पहचान के प्रयास जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

Reported by AJAY SRIVASTAVA and edited by Shagun Chaurasia

Jalaun Crime News: उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब यमुना नदी के किनारे एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। शव शनगढ़ गांव के पास बालू घाट किनारे पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

क्या है पूरा मामला

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी जालौन और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र करीब 22 वर्ष आंकी जा रही है। युवती ने नीले रंग की जींस, काले रंग की डिजाइनदार कुर्ती और पैरों में गेरुआ रंग की चप्पल पहन रखी थी। पुलिस का मानना है कि शव कुछ समय पुराना है और संभव है कि नदी के तेज बहाव के साथ किसी अन्य स्थान से यहां पहुंचा हो।

अभी नहीं उठा रहस्यमय से पर्दा

फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान कराने के लिए आसपास के जिलों और थानों से संपर्क कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इस रहस्यमय घटना ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है और युवती की पहचान को सबसे बड़ी प्राथमिकता मान रही है।

ये भी पढ़ें: जालौन में पुलिस परीक्षा का पहला दिन, 9 केंद्र, दो पालियां और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »