भारत

जयपुर में निर्माणाधीन दीवार ढही, 3 मजदूरों की मौत, कई के दबे होने की आशंका

 जयपुर के चंदवाजी में निर्माणाधीन दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। कई मजदूर घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के बीच रेस्क्यू जारी है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Jaipur Accident: राजस्थान की राजधानी जयपुर के चंदवाजी क्षेत्र में सोमवार को एक निर्माणाधीन इमारत में बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं, जिसके चलते राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

कैसे हुआ हादसा

यह हादसा चंदवाजी स्थित ताला मोड़ के पास निर्माणाधीन अरावली पैलेस परिसर में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर रोज़ की तरह निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। तभी अचानक निर्माणाधीन दीवार ढह गई और उसके नीचे काम कर रहे मजदूर दब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया गया। शुरुआती रेस्क्यू में तीन मजदूरों के शव बाहर निकाले गए, जबकि घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बिहार और झारखंड के है मजदूर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में प्रभावित अधिकांश मजदूर बिहार और झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कई मजदूर भोजन करने के लिए कार्यस्थल से बाहर गए हुए थे। इसी कारण दीवार के पास केवल पांच से छह मजदूर ही मौजूद थे, जिससे संभावित जनहानि सीमित रही। प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी वजह से तलाशी अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: CBSE का बड़ा ऐलान! 10वीं के छात्रों को मिली राहत, तीन भाषा नीति पर नई गाइडलाइन जारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »