Banda News: उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के फूटाकुआं मोहल्ले की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता सोनी राजपूत का कहना है कि वह वर्षों से घरेलू हिंसा, मानसिक प्रताड़ना और धमकियों का सामना कर रही है। पति का दूसरी महिला से संबंध महिला के अनुसार, उसके पति का दूसरी महिला से कथित संबंध है। जब भी वह इसका विरोध करती है, उसके साथ मारपीट की जाती है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हाल ही में उसके पति ने पूरी रात उसके साथ मारपीट की और हंसिया से गर्दन काटकर जान से मारने की धमकी दी। महिला का कहना है कि जान बचाने के लिए वह अपने बच्चे को लेकर घर से निकल गई, लेकिन रास्ते में भी उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि उसे बचाने पहुंचे उसके मायके पक्ष के लोगों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। सास-ससुर पर भी आरोप पीड़िता ने सास-ससुर पर भी पति का साथ देने और शिकायत करने पर धमकाने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपनी और अपने बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए शहर कोतवाली पुलिस को निर्देश दे दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: देसी शराब ठेके के पास मिला युवक का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस