Today Weather Update: दिल्ली-NCR में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है, लेकिन राहत के साथ नई मुश्किलें भी लेकर आया है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के कई इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव, ट्रैफिक जाम और बदहाल व्यवस्था ने आम लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी। बारिश बनी मुसीबत राजधानी के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दफ्तर जाने वाले लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगह बाइक और स्कूटी सवारों को घुटनों तक पानी में उतरकर रास्ता पार करना पड़ा। सुबह और शाम के व्यस्त समय में प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जलभराव ने खोली पोल मानसून की शुरुआती बारिश ने ही नगर निकायों और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली के कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था फेल होती दिखाई दी। मुख्य सड़कें और कॉलोनियां पानी से भर गईं, जिससे लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला गया। स्वरूप नगर में बड़ा खतरा टला दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में जलभराव के बीच एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई। यहां स्कूली बच्चों को पानी से भरे रास्ते में हाई वोल्टेज बिजली ट्रांसफार्मर के बिल्कुल पास से गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़क अधूरी है और ड्रेनेज व्यवस्था भी पूरी तरह खराब पड़ी है। ऐसे हालात में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। बदरपुर और गुरुग्राम में बढ़ीं मुश्किलें बदरपुर क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया। वाहन चालकों को जलभराव के बीच धीरे-धीरे गुजरना पड़ा, जबकि कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। उधर, गुरुग्राम में मंगलवार की बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए। हीरो होंडा चौक पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा, जबकि दिल्ली-जयपुर हाईवे पर करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे। अगले दो दिन भी सतर्क रहने की सलाह भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में मानसून अब सक्रिय हो चुका है। 8 और 9 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से आवश्यक होने पर ही घर से निकलने और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अगले दो दिन भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी। ये भी पढें: फर्जी रसीद से करोड़ों की ठगी, दान के पैसों से खरीदीं जमीनें और लग्जरी गाड़ियां! राम मंदिर चढ़ावा घोटाले में बड़ा खुलासा