Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा में पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन को ध्यान में रखते हुए आगामी 7 अगस्त 2026 को जनपद महोबा के हर गांव और हर वार्ड में 'वृहद हरिशंकरी वृक्षारोपण' उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मा0 राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन, उत्तर प्रदेश सरकार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री मनोहर लाल 'मन्नू कोरी' ने की। हरिशंकरी अभियान के निर्देश बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरिशंकरी वृक्षारोपण के अंतर्गत पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधों को एक समूह में लगाया जाए। उन्होंने कहा कि इन तीनों वृक्षों का धार्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। ये वृक्ष जल प्रबंधन में सहायक होंगे, बेहतर ऑक्सीजन देंगे और लोगों को छाया भी उपलब्ध कराएंगे। पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए पीपल, पाकड़ और बरगद अत्यंत उपयोगी हैं। पर्यटन स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर हरिशंकरी वृक्षारोपण करने के भी निर्देश दिए गए। इसके लिए जिला स्तर पर एक संयोजक मंडल का गठन किया गया है। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक गांव और प्रत्येक ब्लॉक में बैठक आयोजित कर लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए। तैयारियों को अंतिम रूप जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज ने बताया कि हरिशंकरी वृक्षारोपण की तैयारियों के लिए 30 और 31 जुलाई को सभी ब्लॉकों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में नगर पालिका और नगर पंचायत के वार्डों में 1 और 3 अगस्त को बैठक होगी। डीएम ने निर्देश दिए कि पौधों का रोपण खुले स्थानों, तालाबों के किनारे और सार्वजनिक भूमि पर कराया जाए। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत से तीन वरिष्ठ नागरिकों का चयन कर उन्हें इन पौधों की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी जाए। जल संरक्षण पर जोर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्यामबिहारी गुप्ता ने कहा कि जल संरक्षण और नदियों के संरक्षण के लिए हरिशंकरी पौधे आवश्यक हैं। उन्होंने पौधारोपण को उत्सव के रूप में मनाने और गौ आधारित प्राकृतिक खेती के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 'चलो गांव की ओर' अभियान के तहत हरिशंकरी वृक्ष शुद्ध हवा भी उपलब्ध कराएंगे। बैठक में लोक भारती संस्था के गोपाल उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश के 11 जिलों में हरिशंकरी वृक्षारोपण का कार्य सफलतापूर्वक किया जा चुका है। जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी बैठक में विधायक सदर राकेश गोस्वामी, विधायक चरखारी ब्रजभूषण राजपूत, सदस्य विधान परिषद जितेन्द्र सिंह सेंगर, पूर्व सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चन्देल, भाजपा जिला अध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष जे.पी. अनुरागी, जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकान्त त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी पंकज यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। जिला सूचना कार्यालय द्वारा बताया गया कि इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ये भी पढ़ें: पेट्रोल पंप के सामने खूनी संघर्ष, युवक के काटे हाथ-पैर