Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा में नगर मुख्यालय के समदनगर वार्ड में चंदेल पेट्रोल पंप के सामने पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष हो गया। हमलावरों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसके हाथ-पैर काट दिए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार समदनगर निवासी विक्की ठाकुर पुत्र बाबू सिंह चंदेल पेट्रोल पंप के सामने किसी काम से गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने विक्की के हाथ और पैर पर धारदार हथियार से वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। https://twitter.com/INDIAHEADLINEST/status/2077257227828879658 पुरानी रंजिश का हमला स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर डायल 112 की टीम पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विक्की को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। घायल के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर पड़ोसी शिवप्रताप सिंह और अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर में पुरानी रंजिश को हमले की वजह बताया गया है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ सिटी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ये भी पढ़ें: नशे में हुए झगड़े ने ली महिला की जान, आरोपी गिरफ्तार