Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून का असर अलग-अलग रूप में देखने को मिल रहा है। कहीं मूसलाधार बारिश जनजीवन को प्रभावित कर रही है तो कहीं लोग अब भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 जुलाई के लिए बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों के लिए रेड अलर्ट भी घोषित किया गया है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। सबसे ज्यादा खतरा आईएमडी के अनुसार बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों के संवेदनशील इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। लगातार वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। दिल्ली-NCR में अभी इंतजार राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद फिलहाल उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 19 जुलाई तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 15 जुलाई को अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि हल्की बारिश और बीच-बीच में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल राजधानी में व्यापक बारिश की संभावना कम बताई गई है। UP और उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। वहीं उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भी बारिश होने के आसार हैं, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले एक सप्ताह तक मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में भी सीमित बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर राज्यों में जारी रहेगा बारिश का दौर अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में व्यापक वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लगातार बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन सतर्क है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। मौसम विभाग की सलाह मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले राज्यों में रहने वाले लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। वहीं जिन राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है, वहां तेज हवाओं और बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां कई राज्यों में तेज हो सकती हैं। ऐसे में देशभर में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ये भी पढ़ें: 120 की रफ्तार, बिना टोल प्लाजा कटेगा टैक्स! आखिर कैसे बना देश का सबसे महंगा एक्सप्रेसवे?