Sonam Wangchuk Health Update: लगातार 21 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचते ही उन्हें सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड में रखा गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनकी विस्तृत स्वास्थ्य जांच शुरू की। उनकी निगरानी के लिए मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बनाया गया है। अस्पताल का बयान अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सोनम वांगचुक के वाइटल्स फिलहाल स्थिर हैं। उनका ईसीजी सामान्य पाया गया है, लेकिन लंबे समय तक उपवास के कारण उनका ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर सामान्य से कम है। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि उन्हें हल्की डिहाइड्रेशन की समस्या है, जिसके चलते इलेक्ट्रोलाइट स्तर प्रभावित होने की आशंका है। फिलहाल उनका इलाज जारी है और उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य जांच जारी सफदरजंग अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. चारू बंबा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर वांगचुक पूरी तरह होश में थे। शुरुआती जांच के बाद उन्हें मेडिसिन विभाग में भर्ती किया गया, जहां उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि उपचार के बाद उनकी स्थिति की दोबारा समीक्षा की जाएगी। दिपके का एलान उधर, हिरासत से रिहा होने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने से आंदोलन खत्म नहीं होगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रदर्शन जारी रहेगा और तय कार्यक्रम के अनुसार 20 जुलाई को संसद मार्च भी निकाला जाएगा। ये भी पढ़ें: सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले गई दिल्ली पुलिस, दिपके अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर