आगराउत्तर प्रदेश

माऊ को ढूंढो, 50 हजार रूपये पाओ! आगरा में गुम हुए तोते के लिए मालिक ने लगवा दिए होर्डिंग

आगरा में लापता पालतू तोते 'माऊ' को खोजने वाले के लिए मालिक ने ₹50 हजार इनाम घोषित किया। परिवार ने शहरभर में होर्डिंग लगवाए, पांच दिनों से तोते की तलाश जारी है।

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। यहां एक पालतू तोते के लापता होने के बाद उसके मालिक ने उसे तलाशने वाले के लिए ₹50 हजार के इनाम की घोषणा कर दी है। शहरभर में लगे बड़े-बड़े होर्डिंग और सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों ने लोगों का ध्यान इस अनोखी तलाश की ओर खींच लिया है।

घायल तोते की कहानी

यह मामला सिकंदरा स्थित आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-4 की कान्हा जी रेजीडेंसी का है। अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह के अनुसार, करीब सवा साल पहले उन्हें एक घायल तोता पेड़ से गिरा हुआ मिला था। उस समय उसके पंख पूरी तरह विकसित नहीं हुए थे और उसकी हालत बेहद नाजुक थी। परिवार उसे घर ले आया और बच्चे की तरह उसकी देखभाल कर उसे नया जीवन दिया।

माऊ की खासियत

धीरे-धीरे यह तोता परिवार का अभिन्न हिस्सा बन गया। उसका नाम प्यार से ‘माऊ’ रखा गया। खास बात यह रही कि उसे कभी पिंजरे में कैद नहीं किया गया। वह पूरे घर में आजादी से रहता था, रोज सुबह मालिक के साथ पार्क की सैर पर जाता और सप्ताह में एक बार परिवार के साथ कार से शहर के बाहर भी घूमने निकलता था। परिवार का दावा है कि माऊ अपना नाम पहचानता था और घर के कई सदस्यों के नाम भी बोल लेता था।

अचानक लापता माऊ

सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 13 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे माऊ रोज की तरह घर से उड़कर पास के पार्क की ओर गया, लेकिन इस बार वह वापस नहीं लौटा। पहले परिवार को लगा कि वह कुछ देर में लौट आएगा, लेकिन घंटों इंतजार के बाद चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार ने पार्क, आसपास की कॉलोनियों और संभावित स्थानों पर लगातार उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।

50 हजार इनाम

पांच दिन तक खोजबीन बेनतीजा रहने के बाद परिवार ने शहर में होर्डिंग लगवाकर माऊ का पता बताने या उसे सुरक्षित वापस लाने वाले के लिए ₹50 हजार के इनाम की घोषणा कर दी। अब यह अनोखा अभियान सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार का कहना है कि माऊ केवल एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि घर का सदस्य था। उसके लापता होने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। उनका दावा है कि पिछले दो दिनों से घर के कई सदस्यों ने ठीक से खाना तक नहीं खाया है और उन्हें उम्मीद है कि माऊ जल्द सुरक्षित घर लौट आएगा।

ये भी पढ़ें: CM योगी ने परिजनों से की मुलाकात, 5 लाख रुपये सहायता का ऐलान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »