CJP Protest : देश की शिक्षा प्रणाली में बड़े स्तर पर सुधारों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन अब अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। प्रस्तावित 'संसद मार्च' के संदर्भ में सोमवार सुबह 6:30 बजे से ही जंतर-मंतर पर छात्रों, युवाओं और प्रदर्शनकारियों की बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा होने लगी। स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने जंतर-मंतर और उसके आस-पास के इलाके को लोहे की मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग से बंद कर दिया है। NTA सुधार और पारदर्शी परीक्षा की मांग प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक के इस आंदोलन में भाग लेने और जारी अनशन के बाद स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई है। सोनम वांगचुक कई दिनों से शिक्षा में पारदर्शिता, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के पुनर्गठन और लीक-मुक्त परीक्षाओं की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों और संगठनों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की शुद्धता प्रभावित हो चुकी है और सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। संसद मार्च पर रोक, दिल्ली पुलिस अलर्ट संसद के मानसून सत्र की शुरूआत के साथ प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन की ओर बढ़ने का आह्वान किया था। लेकिन, दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च की अनुमति देने से स्पष्ट इनकार कर दिया है और नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (पूर्व में धारा 144) लागू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी हाल में अनधिकृत रूप से भीड़ को संसद की ओर नहीं बढ़ने दिया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जंतर-मंतर पर कड़ा पहरा जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी कर दी गई है कि आम लोगों और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है। पटेल चौक, जनपथ और कनाट प्लेस से जंतर-मंतर की ओर आने वाले सभी रास्तों पर दंगा रोधी वाहन (वरुण) और वॉटर कैनन तैनात किए गए हैं। वहीं, विपक्षी दलों के नेताओं ने भी इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है और सरकार से मांग की है कि वह प्रदर्शनकारियों की चिंताओं को गंभीरता से सुने। दिल्ली के इस केंद्र बिंदु पर बने इस तनावपूर्ण माहौल के चलते पूरे लुटियंस जोन में हाई अलर्ट जारी है। ये भी पढ़े : हंगर स्ट्राइक खत्म कराने की कोशिश… सोनम वांगचुक की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप