उत्तर प्रदेशमहोबा

बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट, DM गजल भारद्वाज के सख्त निर्देश

महोबा में बाढ़ तैयारियों को लेकर डीएम गजल भारद्वाज ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। बाढ़ चौकियां, राहत सामग्री, बांधों की निगरानी और बचाव संसाधन समय से तैयार रखने को कहा।

Mahoba Administration: उत्तर प्रदेश के महोबा की जिलाधिकारी (DM) श्रीमती गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ स्टेयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ एवं अतिवृष्टि से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बाढ़ निगरानी मजबूत

बैठक में डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी तहसीलों में बाढ़ चौकियों की स्थिति का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त कराएं और वहां कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करें। प्रत्येक चौकी पर तैनात कर्मियों के नाम, मोबाइल नंबर, संबंधित एसएचओ का नंबर और गोताखोरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। साथ ही नावों की उपलब्धता, नाव मालिक का नाम और संपर्क नंबर की सूची भी तैयार रखने को कहा गया।

सिंचाई विभाग अलर्ट

सिंचाई विभाग को उर्मिल, चंद्रावल, मझगांव, कबरई, लहचुरा और क्योंलारी बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। जिन गांवों में बांधों से पानी छोड़े जाने पर बाढ़ का खतरा है, उन्हें अलर्ट मोड पर रखा जाए ताकि अफरा-तफरी की स्थिति न बने। ऐसे गांवों में राजस्व टीमों के माध्यम से लोगों को “क्या करें, क्या न करें” के बारे में जागरूक किया जाएगा।

आपदा तैयारी तेज

DM ने सिंचाई विभाग को उन बांधों और तालाबों की पहचान कर सुरक्षात्मक उपाय करने को भी कहा जहां पहले डूबने की घटनाएं हुई हैं। ड्यूटी पर तैनात टीमों के लिए रस्सी, लाइफ जैकेट, हेलमेट, टॉर्च और बोट-रस्सी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजस्व विभाग को उन गांवों में वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने को कहा गया जहां रपटा टूटने से संपर्क मार्ग बाधित हो सकता है। मानसून से पहले जनपद के सभी नालों और नालियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए, जिससे जलभराव की समस्या न हो।

अधिकारियों को निर्देश

बैठक में अपर जिलाधिकारी वि./रा. कुंवर पंकज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकान्त त्रिपाठी, एसडीएम महोबा, एसडीएम कुलपहाड़, अधिशासी अभियंता महोबा/मौदहा बांध, जल संस्थान, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, जिला कृषि अधिकारी और समस्त नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाढ़ की स्थिति में राहत सामग्री, दवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले से ही पुख्ता रखा जाएगा।

ये भी पढ़ें: ब्लाइंड पुजारी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, 80 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »