भारत

उत्तराखंड में आसमानी आफत! रिकॉर्ड बारिश से चारधाम यात्रा रुकी, हाईवे हुआ बंद

उत्तराखंड में भारी बारिश से चारधाम यात्रा दो दिन के लिए रोकी गई। कई हाईवे बंद, भूस्खलन और जलभराव से हालात बिगड़े। देहरादून में रिकॉर्ड बारिश दर्ज हुई।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Uttarakhand Rain: उत्तराखंड में मानसून की तेज बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया है। पिछले 24 घंटे में देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में सबसे ज्यादा 233 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा देहरादून, मसूरी, जौलीग्रांट और उखीमठ समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं और कई जगहों पर जलभराव जैसे हालात बन गए हैं।

चारधाम यात्रा पर ब्रेक

भारी बारिश और जगह-जगह भूस्खलन के कारण केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर बंद हो गए हैं। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि यात्रा मार्गों पर मलबा गिरने और मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए यात्रा को फिलहाल स्थगित किया गया है। मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

16 करोड़ का पुल बारिश में हुआ क्षतिग्रस्त

देहरादून के नंदा की चौकी क्षेत्र में करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बना नया पुल पहली ही मानसूनी बारिश में प्रभावित हो गया। बारिश के बीच पुल की एप्रोच रोड का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया और वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने पुल पर यातायात बंद कर दिया है। वहीं रेंजर्स ग्राउंड के पास जलभराव से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यमुनोत्री मार्ग पर हालात बिगड़े

बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भी स्थिति खराब हो गई है। राम मंदिर के पास यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पैदल मार्ग का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। वहीं पाली गाड़ क्षेत्र में हाईवे पर बोल्डर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए भेजा गया है।

स्कूल बंद

भारी बारिश के चलते टिहरी में कई ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में बरसाती नालों के उफान से हाईवे और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और जरूरी होने पर ही यात्रा करें।

ये भी पढ़ें: नोएडा में बारिश का असर, राहत के साथ जलभराव ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »