Kanpur News: कानपुर नगर रावतपुर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गणेश नगर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाय और रूम फ्रेशनर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे और उसके माता-पिता को बीमार करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि कथित घटनाएं घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं। CCTV बना सबूत पुलिस आयुक्त को सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल दस्तावेज सौंपे जाने के बाद रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता हिमांशु गुप्ता के अनुसार उनका विवाह 30 जनवरी 2024 को चकेरी क्षेत्र की रहने वाली ज्योति गुप्ता से हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आने लगा और पारिवारिक विवाद बढ़ते गए। परिवार की बिगड़ी तबीयत इसी दौरान उनके माता-पिता की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। बाद में स्वयं उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। परिवार का कहना है कि चिकित्सकों ने खाने-पीने की वस्तुओं में किसी हानिकारक पदार्थ की आशंका जताई, जिसके बाद उन्हें पत्नी पर शक हुआ। परिवार के अनुसार, हिमांशु की मां ने पत्नी को चाय बनाते समय उसमें कोई पदार्थ मिलाते हुए देखा था। इसके बाद निगरानी के उद्देश्य से घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। सबूत पुलिस को सौंपे शिकायतकर्ता का दावा है कि अगस्त 2024 से रिकॉर्ड हुई सीसीटीवी फुटेज में कई बार उनकी पत्नी चाय में किसी काले रंग के पदार्थ जैसी वस्तु मिलाती हुई दिखाई देती है। उनका यह भी आरोप है कि पत्नी ने बाद में घर में रखे रूम फ्रेशनर में भी सिरिंज के माध्यम से कोई तरल पदार्थ मिलाया, जिसकी रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। दूसरी ओर, हिमांशु ने बताया कि पत्नी पहले ही उनके और उनके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। उनका कहना है कि अब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपते हुए पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जांच के बाद कार्रवाई एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पत्नी की ओर से पहले से दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज है।पुलिस को उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये, दिल्ली की महिलाओं को मिलेगा ‘लक्ष्मी योजना’ का लाभ