Hair Care Tips: आज के दौर में जहां कम उम्र में ही बाल झड़ना, सफेद होना और बेजान हो जाना आम समस्या बन चुकी है, वहीं कानपुर की रूपेंजल, जिन्हें सोशल मीडिया और परिवार सार्वजनिक जीवन में रुचि यादव के नाम से भी जाना जाता है, अपने बेहद लंबे, काले और घने बालों की वजह से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। उनके बालों की लंबाई और प्राकृतिक चमक देखकर लोग अक्सर यही सवाल पूछते हैं कि आखिर वह ऐसा क्या करती हैं, जिससे उनके बाल इतने स्वस्थ और खूबसूरत बने हुए हैं। प्राकृतिक हेयर केयर रूपेंजल रुचि यादव बताती हैं कि उन्होंने अपने बालों की देखभाल के लिए महंगे केमिकल युक्त हेयर प्रोडक्ट्स की बजाय घरेलू और प्राकृतिक तरीकों को अपनाया है। उनका मानना है कि सही खानपान, नियमित तेल मालिश और हर्बल शैंपू का इस्तेमाल बालों को लंबे समय तक मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, समय से पहले बाल झड़ने या सफेद होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें आनुवंशिक प्रभाव, बढ़ता प्रदूषण, तनाव, असंतुलित खानपान, शरीर में पोषक तत्वों की कमी और केमिकल युक्त उत्पादों का अधिक इस्तेमाल प्रमुख हैं। यही वजह है कि आज बड़ी संख्या में लोग प्राकृतिक हेयर केयर की ओर लौट रहे हैं। घर पर तैयार करती हैं हर्बल शैंपू रुचि के अनुसार, वह अपने बालों के लिए घर पर ही हर्बल शैंपू तैयार करती हैं। इसे बनाने के लिए 25-25 ग्राम रीठा, सूखा आंवला और शिकाकाई, आधा कप एलोवेरा जेल तथा गुड़हल और तुलसी की पत्तियों का इस्तेमाल किया जाता है। सबसे पहले रीठा, आंवला और शिकाकाई को 12 से 14 घंटे तक पानी में भिगोया जाता है। इसके बाद इन्हें उसी पानी में उबाला जाता है। फिर इसमें एलोवेरा, गुड़हल और तुलसी की पत्तियां डालकर कुछ देर और पकाया जाता है। मिश्रण के ठंडा होने के बाद इसे पीसकर एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर लिया जाता है। क्या हैं इस हर्बल शैंपू के फायदे? रुचि यादव का कहना है कि इस हर्बल शैंपू से बालों की गहराई से सफाई होती है और उनकी प्राकृतिक नमी भी बनी रहती है। आंवला और शिकाकाई जड़ों को पोषण देने के साथ स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने में मदद करते हैं, जबकि रीठा प्राकृतिक क्लेंजर का काम करता है। एलोवेरा बालों को मुलायम बनाता है और गुड़हल व तुलसी स्कैल्प को स्वस्थ रखने में सहायक माने जाते हैं। उनके मुताबिक, सप्ताह में दो से तीन बार इस शैंपू का इस्तेमाल करने और बाल धोने से पहले हल्की तेल मालिश करने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। नियमित देखभाल, संतुलित आहार और प्राकृतिक उपायों के साथ बाल लंबे, मजबूत और चमकदार बनाए रखे जा सकते हैं। नोट: यह जानकारी कानपुर की रहने वाली (रुचि यादव) द्वारा साझा किए गए अनुभवों और पारंपरिक घरेलू उपायों पर आधारित है। किसी भी घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले अपनी त्वचा और बालों की प्रकृति के अनुसार विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित रहेगा। ये भी पढ़ें: 6 साल तक फर्जी पहचान के सहारे भारत में रह रहा था चीनी नागरिक! गिरफ्तारी के बाद खुला बड़ा राज