Chinese Citize: ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो पिछले छह वर्षों से कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में रह रहा था। जांच में सामने आया कि उसने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराए और उन्हीं के आधार पर कंस्ट्रक्शन कंपनी का संचालन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अवैध वीजा पर रह रहा था बीटा-2 कोतवाली पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोंग शियामाओ के रूप में हुई है। उसका भारतीय वीजा 25 जून 2020 को समाप्त हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उसने न तो देश छोड़ा और न ही वीजा बढ़ाने के लिए आवेदन किया। पुलिस का कहना है कि वह लगातार भारत में रहकर अपने कारोबार को संचालित करता रहा। फर्जी दस्तावेजों से बनाई नई पहचान जांच में पता चला कि आरोपी ने नोएडा के पते पर कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उसने मोबाइल सिम भी हासिल कर ली। पुलिस का मानना है कि पहचान छिपाने के लिए सरकारी दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया, जिसकी विस्तृत जांच जारी है। पत्नी के नाम पर चला रहा था कंपनी पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने मणिपुर की एक महिला से शादी की और उसकी पत्नी के नाम पर कंस्ट्रक्शन कंपनी संचालित करने लगा। कंपनी में कई भारतीय कर्मचारी भी काम कर रहे थे। पुलिस अब कंपनी के संचालन, वित्तीय गतिविधियों और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। पहले की कार्रवाई से खुला मामला पुलिस के अनुसार हाल ही में अवैध रूप से रह रही म्यांमार की एक महिला की गिरफ्तारी के दौरान इस चीनी नागरिक की जानकारी मिली थी। कार्रवाई के समय वह मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वीजा की प्रति समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आव्रजन और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर संबंधित एजेंसियों और दूतावास को भी सूचना भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा के लिए हाई अलर्ट, नोएडा पुलिस ने बनाया विशेष प्लान