Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी-चिटहेरा कांवड़ रूट पर बदहाल सड़कें प्रशासनिक दावों की पोल खोल रही हैं। लाल कुआं से अलीगढ़ को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, जलभराव और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कांवड़ मार्ग बदहाल हैरानी की बात यह है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद भी सड़क की मरम्मत और सफाई का काम धरातल पर नजर नहीं आ रहा। जबकि यह मार्ग कांवड़ यात्रा का प्रमुख रूट है और पुलिस प्रशासन भी कई बार पीडब्ल्यूडी को इस संबंध में पत्र लिख चुका है। टूटी सड़कें और पानी से भरे गड्ढे न सिर्फ कांवड़ श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं, बल्कि रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं। कई लोग इन गड्ढों के कारण हादसों का शिकार हो चुके हैं। आदेशों की अनदेखी स्थानीय ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। अब सवाल यह है कि जब मुख्यमंत्री स्वयं कांवड़ यात्रा को लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दे चुके हैं, तो आखिर जिम्मेदार विभाग इन आदेशों को गंभीरता से क्यों नहीं ले रहा? और कब तक श्रद्धालु और आम लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर रहेंगे? ये भी पढ़ें: 6 साल तक फर्जी पहचान के सहारे भारत में रह रहा था चीनी नागरिक! गिरफ्तारी के बाद खुला बड़ा राज