Saifai Medical University: उत्तर प्रदेश के इटावा में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी) एक बार फिर विवादों में आ गया है। इस बार करोड़ों रुपये की खरीद में कथित अनियमितताओं का मामला विधान परिषद तक पहुंच गया है। विपक्ष ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है। खरीद पर उठे सवाल समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य मुकुल यादव ने नियम-110 के तहत सदन में यह मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में फर्नीचर और फायर सेफ्टी उपकरणों की खरीद में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। मुकुल यादव का कहना है कि यदि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक धन के उपयोग में नियमों का पालन नहीं किया गया और पूरे मामले की जांच आवश्यक है। स्थापना दिवस पर विवाद इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन भी लगातार सवालों के घेरे में बना हुआ है। हाल ही में आयोजित विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह को लेकर भी विवाद सामने आया था। समारोह में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव को आमंत्रित नहीं किए जाने पर सपा नेताओं ने नाराजगी जताई थी और इसे राजनीतिक उपेक्षा बताया था। सरकार के जवाब का इंतजार अब खरीद में कथित अनियमितताओं का मामला विधान परिषद में उठने के बाद सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी एक बार फिर चर्चा में है। फिलहाल सरकार की ओर से इस मामले पर विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है, जबकि विपक्ष जांच और जवाबदेही की मांग पर कायम है। ये भी पढ़ें: 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान संपन्न, नशे से दूरी जरूरी