Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के साथ नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का असर साफ नजर आया। नोएडा के कई सेक्टरों में तेज बारिश हुई। अचानक बदले मौसम के कारण कुछ देर के लिए सड़कों पर लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। बारिश शुरू होते ही कई बाइक सवार सुरक्षित जगह की तलाश में नजर आए। कुछ लोगों ने ओवरब्रिज और फ्लाईओवर के नीचे रुककर बारिश से बचने का सहारा लिया। उमस से मिली राहत पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच सोमवार की तेज बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी। घने बादलों और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। लंबे समय से गर्मी और चिपचिपी उमस झेल रहे लोगों ने मौसम में आए इस बदलाव से राहत की सांस ली। तेज हवा और बारिश के बाद कई इलाकों का मौसम ठंडा और खुशनुमा हो गया। सड़कों और बाजारों में भी मौसम का असर देखने को मिला। हालांकि, कुछ देर की तेज बारिश ने नगर व्यवस्था के सामने जलनिकासी की चुनौती भी खड़ी कर दी। जलभराव ने बढ़ाई मुश्किल दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। नोएडा के कुछ हिस्सों में सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई और कुछ मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। नोएडा में पिछले कुछ दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। इससे जहां मौसम सुहाना हुआ है, वहीं जलभराव और ट्रैफिक की समस्या लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी मानसून सक्रिय रहने पर प्रशासन के सामने जलनिकासी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की चुनौती रहेगी। ये भी पढ़ें: संसद में 17 दिन से जारी गतिरोध पर बड़ा अपडेट, अमित शाह देंगे जवाब, अब तय होगी बहस की तारीख