भारत

संसद में 17 दिन से जारी गतिरोध पर बड़ा अपडेट, अमित शाह देंगे जवाब, अब तय होगी बहस की तारीख

संसद में 17 दिन से जारी गतिरोध के बीच गृह मंत्री अमित शाह छात्रों पर लाठीचार्ज मामले में लोकसभा में जवाब देने को तैयार। स्पीकर जल्द समय तय करेंगे।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र में कई दिनों से जारी गतिरोध के बीच बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर लोकसभा में जवाब देने के लिए तैयार हो गए हैं। विपक्ष लगातार इस मामले में गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा था। अब माना जा रहा है कि लोकसभा अध्यक्ष जल्द ही उनके जवाब के लिए समय निर्धारित कर सकते हैं। संसद की कार्यवाही लगातार बाधित होने को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बना हुआ है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्र आंदोलन और उससे जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के लिए तैयार है।

रिजिजू की विपक्ष से अपील

रिजिजू ने विपक्ष से अपील की कि सरकार जब चर्चा के लिए तैयार है, तो बहस के दौरान हंगामा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को गृह मंत्री और सरकार का जवाब शांतिपूर्वक सुनने की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर मतभेद होने की बात भी कही। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर अमित शाह के सदन में आकर बयान देने की मांग दोहराई। खरगे के मुताबिक विपक्ष पिछले 17 दिनों से इस मुद्दे पर गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय पर सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए।

मानसून सत्र के सिर्फ 4 दिन बाकी

मानसून सत्र खत्म होने में अब केवल चार कार्य दिवस बचे हैं। लगातार हंगामे के कारण कई महत्वपूर्ण विधेयकों का भविष्य अधर में दिखाई दे रहा है। इनमें महिला आरक्षण, परिसीमन और FCRA से जुड़े प्रस्तावित विधेयक शामिल हैं। सोमवार की लोकसभा कार्यसूची में इनमें से कोई भी विधेयक शामिल नहीं किया गया।

गतिरोध खत्म करने में जुटी सरकार

संसद में जारी गतिरोध समाप्त करने के लिए सरकार विपक्षी दलों से बातचीत कर रही है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के साथ कई दौर की बातचीत की है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से दो बार मुलाकात करने के अलावा फोन पर भी बातचीत की। अब सबकी नजर इस बात पर है कि अमित शाह के सदन में बयान के बाद क्या संसद में जारी गतिरोध खत्म होगा और लंबित विधायी कामकाज आगे बढ़ पाएगा।

ये भी पढ़ें: संसद में विपक्ष का हंगामा तेज, मकर द्वार पर नारेबाजी, अमित शाह के बयान पर अड़ा विपक्ष

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »