Amit shah In Parliament: संसद में जारी गतिरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसके लिए विपक्ष को पहले सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देना होगा। अमित शाह ने कहा कि यदि विपक्ष तैयार हो तो वह बुधवार दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू करने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी प्रस्ताव दिया कि जरूरत पड़ने पर चर्चा गुरुवार दोपहर 3 बजे तक लगातार चल सकती है। उनका कहना था कि सरकार किसी भी सवाल से पीछे नहीं हटेगी और हर मुद्दे पर जवाब देने को तैयार है। गृह मंत्री ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष यदि दोपहर 2 बजे तक चर्चा के लिए औपचारिक पत्र दे देता है तो सरकार प्रश्नकाल स्थगित करने के लिए भी तैयार है, ताकि महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत बहस हो सके। शाह ने यह भी कहा कि गंभीर राष्ट्रीय विषयों पर नारेबाजी या आरोप-प्रत्यारोप से समाधान नहीं निकल सकता। उन्होंने विपक्ष से सदन में सार्थक चर्चा करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में संवाद ही सबसे प्रभावी रास्ता है।