Landslide Hits Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कुर्ला (पश्चिम) के चिराग नगर स्थित गौसिया चॉल पर अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। देखते ही देखते कई मकान मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। राहत अभियान तेज घटना की सूचना तड़के करीब 3:48 बजे प्रशासन को मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, एनडीआरएफ, एम्बुलेंस सेवाओं और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी भाभा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कैमरों से तलाश बचाव कार्य को तेज और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक विक्टिम-डिटेक्शन कैमरों की मदद ली जा रही है। इन उपकरणों के जरिए मलबे के नीचे दबे लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में अब भी कई लोगों के फंसे होने की संभावना बनी हुई है, इसलिए अभियान पूरी सतर्कता के साथ चलाया जा रहा है। https://twitter.com/ANI/status/2087355522567766388 बारिश बनी आफत पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण इलाके की पहाड़ी कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं और आसपास के इलाके को सुरक्षा के लिहाज से घेर लिया गया है, ताकि राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। मलबे में जिंदगी बीएमसी ने बताया कि 6 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घायलों में 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी सहित कई लोग शामिल हैं। प्रशासन ने कहा है कि बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी लोगों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता या स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो जाती। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर मुंबई में संवेदनशील पहाड़ी इलाकों की सुरक्षा और मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ये भी पढ़ें: हर सवाल का जवाब दूंगा विपक्ष पहले चर्चा को तैयार हो… संसद गतिरोध पर अमित शाह का पहला बयान