Delhi Traffic Advisory: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सुबह 4:00 बजे से 10:00 बजे तक लाल किले और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे। इस दौरान केवल अधिकृत पास वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। यात्रियों के लिए पुलिस की अहम सलाह ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने रूट की योजना बना लें और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। प्रतिबंधित मार्गों से बचने, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने तथा ट्रैफिक सिग्नल, वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMS) और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की है। इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा असर एडवाइजरी के अनुसार, नेताजी सुभाष मार्ग (दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक), लोथियन रोड, जीपीओ से छत्ता रेल चौक, एस.पी. मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड, लिंक रोड और राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड सहित कई अहम मार्ग निर्धारित समय तक सामान्य वाहनों के लिए बंद रहेंगे। इसके अलावा सी-हेक्सागोन, इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग, निजामुद्दीन खट्टा से आईएसबीटी के बीच रिंग रोड और सलीमगढ़ बाईपास जैसे इलाकों में भी यात्रियों को जाने से बचने की सलाह दी गई है। पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। दिल्ली पुलिस शहरभर में गश्त बढ़ाने के साथ वाहन जांच, ड्रोन निगरानी और मॉक ड्रिल चला रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, बाजारों, मॉल, होटलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, ताकि समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके। ये भी पढ़ें: 4 सेकंड तक बेकाबू रहा एयर इंडिया का विमान! टर्बुलेंस के पीछे सिर्फ पायलट नहीं! आया बड़ा अपडेट सामने