उत्तर प्रदेशमहोबा

आबकारी नियमों की धज्जियां, कार्यालय से चंद कदम दूर आधी रात भी खुली मिली देसी शराब की दुकान

महोबा में आबकारी कार्यालय के पास देसी शराब की दुकान तय समय के बाद भी खुलने का आरोप है। शिकायतों और तस्वीरों के बाद स्थानीय लोग कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा मांग रहे हैं।

Mahoba News: उत्तर प्रदेश में महोबा के आबकारी विभाग के नियमों के अनुसार जिले में शराब की दुकानें सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक ही संचालित हो सकती हैं। लेकिन विभाग के कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर स्थित एक देसी शराब की दुकान इस नियम को खुलेआम ताक पर रख रही है।

बच्चों की सुरक्षा

स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों और कुछ फोटोग्राफ्स में दावा किया गया है कि यह दुकान रात 10:30 बजे, 12:30 बजे के बाद भी खुली रहती है। इतना ही नहीं सुबह 6 और 7 बजे भी यहां लोग शराब खरीदते और सड़क किनारे बैठकर सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। इस रास्ते से सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों का रोजाना आना-जाना होता है। सुबह-सुबह और देर रात सड़क किनारे शराब पीते लोगों की मौजूदगी से क्षेत्र में असुरक्षा और अराजकता का माहौल बन रहा है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इससे बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है।

नियमों से खिलवाड़?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस दुकान की शिकायतें लगातार मिल रही हैं इसमें दुकान को किसका बरदहस्त है और जो आबकारी कार्यालय से इतनी नजदीक है, उसका संचालन निर्धारित समय के पहले और बाद में कैसे हो रहा है? स्थानीय लोग पूछ रहे हैं कि क्या यह दुकान किसी ‘विशेष कृपा-पात्र’ के इशारे पर चल रही है। अगर नियम सभी के लिए एक जैसे हैं, तो इस दुकान के लिए नियमों की घड़ी अलग क्यों है?

शिकायतों पर होगा एक्शन

तस्वीरों और शिकायतों के सामने आने के बाद अब लोगों की नजर आबकारी विभाग की कार्रवाई पर है। विभाग नियमों की निगरानी करेगा या शिकायतों को नजरअंदाज करेगा, यह आने वाले दिनों में साफ होगा। फिलहाल क्षेत्रवासियों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर दुकान को निर्धारित समय का पालन करने के लिए बाध्य किया जाए, ताकि बच्चों और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

ये भी पढ़ें: ऑफिसर्स कॉलोनी में चोरी का किया खुलासा, मुठभेड़ में 2 घायल सहित 4 गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »