Nitin Navin New Team: BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं। संगठन महासचिव की जिम्मेदारी बीएल संतोष के पास बरकरार रखी गई है। खास बात यह है कि नई टीम में उत्तर प्रदेश से 8 नेताओं को जगह मिली है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले यूपी के लिए किए गए इन चयन को पार्टी के सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है। UP से किन नेताओं को मिली जिम्मेदारी? उत्तर प्रदेश से डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। रेखा वर्मा और तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अमरपाल मौर्य को बीजेपी ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कौन हैं ये 8 चेहरे? डॉ. भोला सिंह बुलंदशहर से बीजेपी सांसद हैं और लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। पश्चिमी यूपी में उन्हें पार्टी के प्रमुख नेताओं में गिना जाता है। संगीता यादव राज्यसभा सांसद हैं और इससे पहले चौरी-चौरा से विधायक रह चुकी हैं। उन्हें महिला मोर्चे में भी राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिली है। वह पूर्वांचल की प्रमुख OBC महिला नेताओं में शामिल हैं। स्मृति ईरानी पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी से पूर्व सांसद हैं। 2019 में उन्होंने राहुल गांधी को हराकर अमेठी में बड़ी जीत दर्ज की थी। 2024 का लोकसभा चुनाव वह हार गई थीं। हरीश द्विवेदी बस्ती से दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। वह बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और कई राज्यों के प्रभारी की भूमिका भी निभा चुके हैं। रेखा वर्मा धौरहरा से दो बार सांसद रही हैं। वह पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं और अवध क्षेत्र में बीजेपी का प्रमुख महिला चेहरा मानी जाती हैं। तारिक मंसूर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति और विधान परिषद सदस्य हैं। पार्टी में उन्हें प्रमुख मुस्लिम और प्रबुद्ध वर्ग के चेहरे के तौर पर देखा जाता है। अमरपाल मौर्य राज्यसभा सांसद और यूपी बीजेपी संगठन में अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्हें OBC राजनीति में पार्टी के महत्वपूर्ण चेहरों में गिना जाता है। कुंवर बासित अली बीजेपी के प्रमुख मुस्लिम नेताओं में शामिल हैं और उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिली है। चुनाव से पहले सामाजिक संतुलन पर जोर? उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी की नई टीम में अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। ब्राह्मण, महिला, OBC और अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिलने से पार्टी के सामाजिक संतुलन की रणनीति के संकेत मिल रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यूपी के इन चेहरों के जरिए बीजेपी आगामी चुनाव में अपने सामाजिक समीकरण को और मजबूत कर पाएगी? ये भी पढ़ें: नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, वसुंधरा राजे, राम माधव और स्मृति ईरानी को अहम जिम्मेदारी