Mamata Banerjee Niece: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के रिश्तेदार निहार मुखोपाध्याय की बेटी ब्रिष्टि मुखोपाध्याय की मंगलवार को बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित उनके घर में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिवार से पूछताछ कर रही पुलिस रामपुरहाट थाना पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। ब्रिष्टि के पिता निहार मुखोपाध्याय ने बताया कि उनकी बेटी पिछले पांच-छह वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। उन्होंने कहा कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। शिक्षक भर्ती मामले से भी जुड़ा था नाम ब्रिष्टि का नाम पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती से जुड़े कथित अनियमितता मामले में भी सामने आया था। कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद जारी नौकरी रद्द करने वाले अभ्यर्थियों की सूची में उनका नाम शामिल था। हालांकि, नौकरी मिलने के कुछ समय बाद उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। तलाक की जानकारी भी सामने आई स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ब्रिष्टि का अपने पति के साथ तलाक संबंधी मामला भी चल रहा था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद की जानकारी सामने आई है। उनका एक 12 वर्षीय बच्चा भी है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। रामपुरहाट से है ममता बनर्जी का पारिवारिक संबंध ब्रिष्टि का परिवार रामपुरहाट क्षेत्र के कुसुंबा गांव में रहता है। इसी इलाके में ममता बनर्जी का पैतृक घर भी स्थित है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। ये भी पढ़ें: 5 सितंबर का दिल्ली मार्च रद्द! सुप्रीम कोर्ट में केंद्र के आश्वासन के बाद CJP ने बदला फैसला