IndiGo Flight Emergency Landing: दोहा से बेंगलुरु जा रही IndiGo की फ्लाइट में अचानक ऐसा क्या हुआ कि पायलट को विमान मस्कट की ओर मोड़ना पड़ा? उड़ान के दौरान पायलट की तबीयत बिगड़ने के बाद विमान की मस्कट एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के बीच बिगड़ी पायलट की हालत IndiGo की फ्लाइट 6E 1302 गुरुवार सुबह दोहा से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई थी। विमान हवा में था, तभी पायलट की अचानक तबीयत खराब हो गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने एहतियाती कदम उठाते हुए विमान को मस्कट डायवर्ट करने का फैसला किया। विमान के मस्कट एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के तुरंत बाद बीमार पायलट को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया गया। एयरलाइन के मुताबिक, फिलहाल पायलट की हालत ठीक बताई जा रही है। यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने की तैयारी पायलट की तबीयत खराब होने के कारण विमान को मस्कट में उतारना पड़ा। इसके बाद यात्रियों की आगे की यात्रा को लेकर IndiGo ने वैकल्पिक व्यवस्था की। एयरलाइन ने बेंगलुरु से मस्कट के लिए दूसरा विमान और नई क्रू टीम भेजने की तैयारी की, ताकि यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य बेंगलुरु तक पहुंचाया जा सके। लखनऊ में Air India की फ्लाइट भी डायवर्ट इसी दिन एक अन्य घटना में वाराणसी से दिल्ली जा रही Air India की फ्लाइट को भी एहतियात के तौर पर लखनऊ डायवर्ट किया गया। फ्लाइट IX-1253 के आफ्ट कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का संकेत मिलने के बाद पायलट ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराने का फैसला किया। विमान ने सुबह करीब 8:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में 155 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। सभी सुरक्षित बताए गए हैं। जांच में नहीं मिला धुआं लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने विमान की तत्काल जांच की। टीम के निरीक्षण में विमान के अंदर या कार्गो कंपार्टमेंट में कहीं भी धुआं नजर नहीं आया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क किया गया। यात्रियों को विमान से उतारने की प्रक्रिया करीब 9:02 बजे शुरू हुई और सभी यात्रियों तथा क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। दोनों घटनाओं में राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। एक ओर पायलट की तबीयत ने उड़ान का रुख बदल दिया, तो दूसरी ओर धुएं के संकेत ने दूसरी फ्लाइट को एहतियातन जमीन पर उतार दिया। ये भी पढ़ें: 13 साल इंतजार के बाद तन्वी की मौत, AIIMS ने बताया क्यों नहीं हुई सर्जरी?